क्रिस हिपकिंस बनें न्यूजीलैंड के नए प्रधानमंत्री
काठमांडू, १२ माघ –
क्रिस हिपकिंस, न्यूजीलैंड के नए प्रधानमंत्री बनें हैं । बुधवार को उन्होंने देश के ४१वें प्रधानमंत्री के रुप में पद की शपथ ली है । जेसिंडा अर्डर्न बुधवार की सुबह बतौर प्रधानमंत्री आखिरी बार न्यूजीलैंड की संसद पहुंची, वहां से वह सीधे गवर्नमेंट हाउस गईं, जहां उन्होंने अपना इस्तीफा सौंपा । कारमेल सेपुलोनी ने बतौर डिप्टी प्रधानमंत्री पद संभाला । पद संभालने के बाद हिपकिंस ने संकेत दिए हैं कि बढ़ती महंगाई से निपटना उनकी कैबिनेट की प्राथमिकता होगी ।
क्रिस हिपकिंस से पहले जेसिंडा अर्डर्न प्रधानमंत्री थी लेकिन कुछ दिनों पहले उन्होंने प्रधानमंत्री पद से इस्तीफा देने का ऐलान कर दिया था । जेसिंडा अर्डर्न के इस्तीफे के चर्चा के बाद न्यूजीलैंड के नए प्रधानमंत्री पद के लिए दावेदारों के नाम की चर्चा शुरू हो गई थी । जिसमें बाजी क्रिस हिपकिंस के हाथ लगी । अपने इस्तीफे का ऐलान करते हुए जेसिंडा अर्डर्न ने कहा कि –वह जानती हैं कि प्रधानमंत्री का पद काफी जिम्मेदारी और समर्पण मांगता है लेकिन अब वह इसके साथ न्याय नहीं कर पा रही हैं, इसलिए पद से हट रही हैं । साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि उनके कई साथी हैं, जो इस जिम्मेदारी को बखूबी निभा सकते हैं।

