सुदूरपश्चिम प्रदेश के मुख्यमन्त्री रावल आज लेंगे विश्वास का मत
काठमांडू, २६ माघ –
सुदूरपश्चिम प्रदेश के मुख्यमन्त्री राजेन्द्र सिंह रावल आज विश्वास का मत लेने की तैयारी में हैं । आज दोपहर १ बजे होने वाली प्रदेश सभा की बैठक में वो विश्वास का मत लेंगे । वैसे विश्वास का मत लेने का कार्यक्रम कल अर्थात् बुधवार को ही था लेकिन सत्ता साझेदार दल नागरिक उन्मुक्ति पार्टी (नाउपा) ने मत नहीं देने का अड़ान ले लिया है जिसकी वजह से बुधवार को अन्तिम समय में बैठक स्थगित हो गई ।
सरकार बनाने में समर्थन करने वाली नाउपा पार्टी ने अड़ान ले ली है कि जबतक जेल में रहे रेशम चौधरी और सांसद् अरूण चौधरी को रिहा करने की ग्यारेन्टी नहीं दी जाएगी तबतक सुदूरपश्चिम सरकार को विश्वास का मत नहीं देगी ।
नाउपा के समर्थन वापस लेने से सरकार स्वतः अल्पमत में आ जाएगी । पुस २७ गते नियुक्त हुए मुख्यमन्त्री रावल को संविधानतः माघ २६ गते (आज) विश्वास का मत लेना ही होगा । यदि किसी कारणवश वो आज विश्वास का मत नहीं ले सके उन्हें मुख्यमन्त्री के पद से हटना होगा और प्रदेश प्रमुख दूसरी सरकार बनाने के लिए पुनः आह्वान करेंगे ।
५३ सदस्यीय प्रदेशसभा में सुदूरपश्चिम में नेकपा माओवादी केन्द्र के ११, नेकपा एमाले के १०, नागरिक उन्मुक्ति के ७ और राप्रपा के १करके २९ सदस्यों का समर्थन जुटाकर रावल मुख्यमन्त्री के पद पर नियुक्त हुए थे ।


