पाकिस्तान चुनाव…खान समर्थित उम्मीदवारों को मिल रही है ज्यादा सीटें
काठमांडू, माघ २७– पाकिस्तान में २६६ सीटों के लिए मतगणना अभी भी जारी है। मतगणना में हो रही देरी ने सभी पार्टियों की टेंशन को बढ़ाया हुआ है। अभी तक २१९ सीटों के नतीजे आ चुके हैं। इनमें से ८४ सीटों पर इमरान खान की पार्टी पीटीआई समर्थक निर्दलीय, ६५ सीटों पर नवाज शरीफ की पार्टी पीएमएल–एन, ४२ सीटों पर बिलावल भुट्टो जरदारी की पार्टी पीपीपी, एक पर मौलाना फजलुर रहमान की पार्टी जेयूआई–एफ और २७ सीटों पर दूसरी छोटी पार्टियों के उम्मीदवारों को जीत मिली है । पिछली रात नवाज शरीफ ने अवाम को संबोधित करते हुए दावा किया था कि उनकी पार्टी को सबसे ज्यादा सीटें मिल रही हैं और वह सरकार बनाने के लिए दूसरी सभी पार्टियों के साथ बातचीत कर रहे हैं ।
इसी बीच जेल में बंद इमरान खान ने भी विक्ट्री स्पीच दी है । उनकी पार्टी के समर्थित उम्मीदवारों ने मौजूदा चुनाव में सबसे ज्यादा जीत हासिल की है । शुक्रवार देर रात एक्स (ट्विटर) पर पोस्ट किए गए अपने एआई–जनरेटेड भाषण में इमरान खान ने पने समर्थकों से कहाः “आपने कल आम चुनाव २०२४ में अपना वोट डालकर वास्तविक स्वतंत्रता की नींव रखी है और मैं आपको जीत पर बधाई देता हूं ।“ खान ने अपना रुख दोहराते हुए कहा, “आपके वोट के कारण ’लंदन योजना’ विफल हो गई है ।”


