बांग्लादेश के खिलाड़ी शाकिब अल हसन पर हत्या के आरोप में एफआईआर दर्ज
काठमांडू, भादव ७ – पाकिस्तान के खिलाफ टेस्ट सीरीज खेल रहे बांग्लादेश के दिग्गज ऑलराउंडर शाकिब अल हसन पर अपने देश में एक हत्या के मामले में शामिल होने की बात सामने आई है । ३७ वर्षीय शाकिब पर रुबेल इस्लाम की हत्या में शामिल होने का आरोप लगाया गया है । उनके खिलाफ शिकायत दर्ज की गई है । इसके बाद शाकिब के खिलाफ पुलिस ने एफआईआर भी दर्ज कर ली है ।
रुबेल इस्लाम की कथित तौर पर ५ अगस्त को हत्या कर दी गई थी, और अब इस मामले में शाकिब अल हसन और बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना जैसे लोग शामिल हैं । बांग्लादेश न्यूज २४ की रिपोर्ट अनुसार, शिकायत अदबोर पुलिस स्टेशन में दर्ज की गई थी, और इसकी पुष्टि इंस्पेक्टर मोहम्मद नजÞरुल इस्लाम ने की है ।
बांग्लादेश न्यूज २४ की रिपोर्ट अनुसार, हत्या के मामले में नामित केवल शाकिब अल हसन और शेख हसीना ही नहीं हैं, बल्कि बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष नजमुल हसन का नाम भी सूची में है । बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना के देश छोड़ने के बाद अशांति का माहौल है जिसके चलते महिला विश्व कप भी यूएई में शिफ्ट कर दिया गया है । इस केस में नामित किए गए नजमुल हसन भी बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष का पद छोड़ चुके हैं ।
शाकिब अल हसन वर्तमान में पाकिस्तान के खिलाफ पाकिस्तान में चल रही टेस्ट सीरीज में बांग्लादेश के लिए खेल रहे हैं । दोनों पक्ष के लिए ये मैच काफी अहम है क्योंकि विश्व टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल अब १२ महीने से भी कम दूर है । ऑस्ट्रेलिया और भारत २०२३ के फाइनल को दोहराने के लिए बेहद मजबूत दिख रहे हैं, हालांकि पाकिस्तान और बांग्लादेश की भी उम्मीदें कम नहीं हुई है ।


