Tue. May 5th, 2026
English मे देखने के लिए क्लिक करें

मतदाता दिवस पर ……एक समय था जब हाथ उठाकर देते थे वोट !

 
डा0श्रीगोपालनारसन एडवोकेट
अपने देश मे मतदाता ही असली शासक निर्माता है,अगर वह वोट देते समय जागरूक रहे तो जिसे चाहे राजा बना सकता है।भारतीय संविधान के तहत गठित गणतन्त्र में गण में से तन्त्र का संवाहक चुनने के लिए आजादी के बाद से अभी तक विभिन्न तरीके अपनाये गए। गांव स्तर से लेकर राज्य और केन्द्र स्तर तक अपना जनप्रतिनिधी चुनने के लिए जो तरीके अपनाये गए उनमें हाथ उठाकर अपना जनप्रतितिधी चुनने से लेकर ईवीएम वोटिंग मशीन तक का उपयोग मतदाताओं के लिए वरदान बना। बात ज्यादा पुरानी नही है जब गांव में लोग अपना प्रधान व ग्राम सदस्यों का चुनाव हाथ उठाकर करते थे। यानि तब न बैलट पेपर का झंझट था ,न वोटिंग मशीन की जरूरत थी, बस हाथ उठाओं और हो गया वोट । हरिद्वार जिले के गांव खुब्बनपुर निवासी मास्टर सुमन्त सिंह आर्य ने अपनी सरकारी नोकरी के दौरान चार बार ऐसे चुनाव कराये जब वोट बैलट के बजाए हाथ उठाकर दिया गया था। ग्राम सभाओं के ग्राम प्रधान व ग्राम सभा सदस्यो के चुनाव सन 1962 तक हाथ उठाकर ही कराये जाते थे। लेकिन जब हाथ उठाकर वोट देने के कारण लोगो के बीच आपसी रंजिश बढने लगी तो हाथ उठाकर वोट देने की सरल व सुगम परम्परा को बन्द करना पडा। हालांकि आजादी के पहले तक तो हाथ उठाकर वोट डालने की परम्परा सामान्य थी। लेकिन तब भी कभी बडे सदनो के लिए हाथ उठाकर वोट डालने की प्रक्रिया को नही अपनाया गया।अपने जीवनकाल में स्वाधीनता सेनानी सत्यवती सिन्हा ने अपने जीवनकाल में अपने अनुभव सुनाते हुए बताया था कि पहले लोग वोट का मतलब तक नही समझते थे । एक बार जब वे लोगो को कांग्रेस के पक्ष में वोट डालने के लिए कहने गई और उन्हे उस समय के चुनाव चिन्ह ‘बैलो की जोडी ‘के बारे में बताया तो गांव की महिलाओं ने वोट डालने के लिए मतदान केन्द्र पर जाने के बजाए खेतो में जाकर बैलो की जोडी के सामने पांच पांच पैसे चढा दिये और समझ लिया कि उन्होने मतदान कर दिया है। ग्राम प्रधान रह चुकी कमला बमोला का कहना है कि मतदान के लिए आज भी कई स्थानों पर लोगो को कई कई किमी तक पैदल जाना पडता है जो कि एक गलत व्यवस्था है। उन्होने माना कि चुनाव में काफी सुधार हुए है लेकिन अभी भी चुनाव धन बल की विकृति से मुक्त नही हो पाया है।इसी कारण गरीब व आम आदमी आज भी चुनाव लडने का साहस नही जुटा पाता। ऐसे में कैसे माना जाए कि
लोग उस आम जनता में से चुन कर जा रहे है जिनकी संख्या कम से कम नब्ब फिसदी है।इसी कारण 90 प्रतिशत लोग आज भी चुनाव न लड पाने की हैसियत न होने के कारण चुनाव से दूर है और जनप्रतिनिधी बनने से वंचित है। इसी तरह अन्तर्राष्टीय खिलाड़ी डॉ आदेश कुमार शर्मा इस बात से दुखी है कि चुनाव मैदान में उतरे प्रत्याशी आज भी वोटरो को प्रलोभित कर वोट पाना चाहते है और जब ऐसे लोग चुनाव जीत जाते है तो चुनाव बाद 5 साल तक फिर वे नजर नही आते ऐसे प्रत्याशियो को नकारने पर वे जोर देते है । लेकिन उन्होने चुनाव आयोग द्वारा चुनाव सुधार की दिशा में टी एन शेषन के समय की गई सख्ती का स्वागत किया था। उनकी सोच है कि चुनाव आयोग टीएन शेषन के समय से ही अच्छे रास्ते पर चलने लगा था परन्तु अब फिर उसकी विश्वनीयता ईवीएम पर सवाल उठने के कारण घटने लगी है और वह सरकार की कठपुतली नजर आने लगा है। वास्तव में एक बार विधायक या सांसद बनने पर उनकी आय मे कई सौ गुना वृद्धि कैसे हो जाती है, इस पर भी ध्यान देने की आवश्यकता है।चुनाव आयोग द्वारा दिल्ली में पिछले चुनाव में मतदान के दिन कोई भी प्रत्याशी मतदान स्थल से 100
मीटर दूरी तक मतदाताओं को हाथ जोडकर नमस्ते तक नही कर पाएगा,का प्रावधान लोगो को पसंद आया। लेकिन हाल ही में उत्तराखंड में हुए निकाय चुनाव के मतदान में चुनाव आचार संहिता की जमकर धज्जियां उड़ाई गई।जिसे रोक पाने में निर्वाचन आयोग विफल रहा। भले ही एक दिन यानि मदतान के दिन नही सही परन्तु मतदाता है वास्तव में लोकतन्त्र का राजा।जो अपनी वोट के माध्यम से देश का भविष्य निर्धारित करता है। लेकिन मतदाता को अपनी ताकत पहचाननी चाहिए, प्रत्याशियों के प्रलोभन में न आकर योग्य को ही चुनना चाहिए।तभी लोकतंत्र मजबूत हो सकता है।
मतदाता दिवस पर
ले लो बड़ा संकल्प
वोटर बनना लाज़मी
यही है बड़ा विकल्प
देश के नागरिक हो
निभाओ अपना फ़र्ज
वोटिंग बूथ पर जाकर
नाम कराओ अपना दर्ज
फिर जब भी होंगे चुनाव
नेता करेंगे तुमको याद
एड़िया रगड़ेंगे चोखट पर
वोट की करेंगे फरियाद
देश के भविष्य की खातिर
चुनिए अच्छा प्रतिनिधि
वोट सशक्त हथियार है
आप देश की भविष्य निधि।
डॉ श्रीगोपाल नारसन एडवोकेट
पोस्ट बॉक्स 81,रुड़की, उत्तराखंड
मो0 9997809955
(लेखक सामाजिक सरोकारों से जुड़े वरिष्ठ पत्रकार है)
डा0श्रीगोपालनारसन एडवोकेट
पो0बा081,रूडकी,उत्तराखण्ड
मो0 9997809955

About Author

आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *