भारत-पाकिस्तान मैच : भारत ने 76 रन से मैच जीता
भारत की तरफ से मोहम्मद शमी ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए 35 रनों की कीमत पर चार विकेट लिए।
301 रनों के लक्ष्य का पीछश करने उतरी पाकिस्तान टीम की शुरुआत तो मोहम्मद शमी ने खराब कर ही थी, जब उन्होंने यूनुस को आउट करके पाकिस्तान को पहला झटका दिया। इसके बाद पाकिस्तान ने हारिस और शहज़ाद की साझेदारी से अपनी पारी को कुछ हद तक जमा लिया था, लेकिन उमेश यादव पारी के 24वें ओवर में लगातार दो विकेट लेकर पाकिस्तान को बैकफुट पर धकेल दिया। शमी ने अपने दूसरे स्पैल में एक ओवर में शाहिद अफरीदी (22) और वहाब रियाज़ (4) को आउट करके पाकिस्तान को गर्त में धकेल दिया। इसके बाद शमी ने पाकिस्तान की आखिरी उम्मीद कप्तान मिस्बाह उल हक को भी आउट करके भारत की जीत पर मुहर लगा दी।
एक विकेट गिर जाने के बाद पाकिस्तान के बल्लेबाजों ने विकेट पर टिकने की रणनीति अपनाई और एक और दो रन के सहारे पारी को आगे बढ़ाया। इस दौरान शमी की अगुवाई में भारतीय गेंदबाजों ने पाकिस्तान पर अंकुश बनाए रखा।
भारत को दूसरी सफलता आर अश्विन ने दिलाई। अश्विन ने हासिर सौहैल को स्लिप में कैच आउट करवाया। सौहेल ने 48 गेंदों पर 32 रन बनाए और उन्होंने शहज़ाद अहमद के साथ दूसरे विकेट के लिए 68 रनों की साझेदारी निभाई।
भारत को तीसरी और चौथी सफलता के लिए अधिक इंतज़ार नहीं करना पड़ा और उमेश यादव ने पारी के 24वें ओवर में पहले अहमद शहज़ाद (47) और फिर मकसूद (0) को पैवेलियन लौटा दिया। इसके बाद भारत को एक और बड़ी सफलता मिला जब उमर अकमल बिना खाता खोले जड़ेजा का शिकार बन गए।
इससे पहले कोहली ने भारत के लिए कमाल की पारी खेली। कोहली ने 126 गेंदों में 107 रनों की पारी खेली और इस दौरान आठ चौके जमाए। रैना ने क्रीज़ पर आते ही भारतीय पारी को गति दी और ताबड़तोड़ रन बटोरे। रैना ने आउट होने से पहले 56 गेंदों पर 74 रन ठोंके।
रैना ने आते ही अपने हाथ दिखाए और पाकिस्तानी गेंदबाजों को बैचेन कर दिया। रैना ने चौकों और छक्कों की झड़ी लगा दी और देखते ही देखते अपना अर्धशतक पूरा किया।
इससे पहले पारी की शुरुआत में भारत ने पारी का आगाज़ अच्छा किया, लेकिन बाद में रन गति को तेज करने के प्रयास में रोहित शर्मा ने अनचाहा स्ट्रोक खेलकर अपना विकेट गंवा दिया। रोहित शर्मा को सोहेल खान ने आउट किया। रोहित शर्मा के आउट होने के बाद विराट कोहली पारी संभालने के लिए मैदान पर आए। कोहली और धवन ने मैदान पर अच्छा खेल दिखाया और दूसरे विकेट के लिए शतकीय साझेदारी निभाई।
विराट कोहली ने अपने क्रिकेट करियर का शानदार शतक जमाया। यह शतक कोहली का एकदिवसीय में 22 वां शतक है। कोहली ने 119 गेंदों का सामना करते हुए 100 पूरे किए। कोहली ने विश्वकप 2015 के पहले मैच में शतक लगाया।
source:webduniya.com

