भारतीय प्रधानमंत्री मोदी की निजी सचिव नियुक्त हुई निधि तिवारी
काठमांडू, चैत १९ – आईएफएस अधिकारी निधि तिवारी को भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का निजी सचिव नियुक्त किया गया है । वैसे ये आदेश २९ मार्च को ही जारी किया गया था । आदेश में कहा गया कि कैबिनेट की नियुक्ति समिति ने निधि तिवारी की निजी सचिव के रूप में नियुक्ति को मंजूरी दे दी है ।
निधि पहले भी कई अहम जिम्मेदारियां निभा चुकी हैं, जिसमें वो प्रधानमंत्री के साथ काम कर चुकी हैं।
निधि तिवारी २०१४ बैच की भारतीय विदेश सेवा (आईएफएस) अधिकारी हैं । तिवारी वर्तमान में प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) में उप सचिव के रूप में कार्यरत हैं । कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग द्वारा नियुक्त आईएफएस निधि तिवारी जनवरी २०२३ से कार्यरत हैं।
नवंबर २०२२ में आईएफएस अधिकारी निधि प्रधानमंत्री कार्यालय में अवर सचिव के रूप में शामिल हुईं और जनवरी २०२३ से वह प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) में डिप्टी सेक्रेटरी के रूप में कार्यरत हैं।
यूपीएससी परीक्षा की तैयारी के दौरान निधि तिवारी वाराणसी में सहायक आयुक्त (वाणिज्य कर) के पद पर कार्यरत थीं । उन्होंने सिविल सेवा परीक्षा में ९६वीं रैंक हासिल की थी और वह उत्तर प्रदेश के वाराणसी के महमूरगंज की रहने वाली हैं ।
आईएफएस निधि तिवारी प्रधानमंत्री मोदी की निजी सचिव बनने से पहले तीन साल से अधिक समय तक प्रधानमंत्री कार्यालय में कार्यरत रहीं।
निधि तिवारी पीएम मोदी के कार्यक्रमों का समन्वयन, बैठकों का आयोजन और सरकारी विभागों के कामकाज में तालमेल बिठाएंगी ।


