Sun. May 3rd, 2026
English मे देखने के लिए क्लिक करें

नेपालगंज में पासी जाति की सामाजिक स्थिति पर अन्तरक्रिया तथा रचना वाचन कार्यक्रम सम्पन्न

 

नेपालगंज/बांके, पवन जयसवाल । बाँके जिले के नेपालगंज उप–महानगरपालिका वार्ड नं.–१ के कार्यालय में “पासी जाति की सामाजिक स्थिति सम्बन्धी अन्तरक्रिया तथा रचना वाचन कार्यक्रम” जेठ १६ गते (शुक्रवार) सम्पन्न हुआ।

१८वां गणतन्त्र दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित इस कार्यक्रम का आयोजन नेपालगंज उप–महानगरपालिका वार्ड नं.–१ कार्यालय तथा भेरी साहित्य समाज केन्द्रीय समिति के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता वार्ड अध्यक्ष प्रमोद रिजाल ने की, जबकि प्रमुख अतिथि नेपाल प्रज्ञा–प्रतिष्ठान के पूर्व सदस्य–सचिव एवं वरिष्ठ कथाकार सनत कुमार रेग्मी रहे। उन्होंने कार्यक्रम के उद्घाटन स्वरूप १८ दीप प्रज्वलन कर ब्यानर वाचन किया।

कार्यक्रम के दौरान वडाध्यक्ष प्रमोद रिजाल ने कहा, “मैं पासी समुदाय के चेहरों पर मुस्कान देखना चाहता हूँ। इस समुदाय की स्थिति कैसी है, इसे समझते हुए हम निरंतर सहयोग करते आ रहे हैं और आगे भी पूर्ण सहयोग करते रहेंगे।”

यह भी पढें   राष्ट्रीय सभा में नेपाली कांग्रेस की ‘दल की नेता’ बनीं कमला पंत

कार्यक्रम का संचालन लेख प्रसाद प्याकुरेल ने किया। इस अवसर पर बालकृष्ण शर्मा एवं डॉ. राजकुमार थारु द्वारा वडा नं.–१ में निवासरत पासी समुदाय पर केन्द्रित अध्ययन प्रस्तुत किया गया। शर्मा ने पासी जाति के इतिहास, खानपान, पारंपरिक व्यंजन, लोक संस्कृति, रहन-सहन, विवाह परंपरा, गीत-संगीत, होमविधि, मृत्युसंस्कार, चाडपर्व, अभिवादन शैली और शिक्षा सहित विभिन्न पहलुओं को समेटते हुए कार्यपत्र प्रस्तुत किया। इस पर खजुरा प्रज्ञा प्रतिष्ठान के उप–कुलपति डॉ. इन्द्र बहादुर भण्डारी एवं ईश्वरी प्रसाद रिजाल ने अपने सुझाव दिए।

कार्यपत्र के अनुसार पासी समुदाय की शैक्षिक स्थिति अपेक्षाकृत कमजोर पाई गई। पुरुषों की तुलना में महिलाओं की स्थिति और भी कमजोर है। वर्तमान में वडा नं.–१ में पासी समुदाय के लगभग १० छात्र–छात्राएँ छात्रवृत्ति के माध्यम से कॉलेज में अध्ययनरत हैं। स्थानीय छात्रा जुनू पासी ने कहा, “मैं छात्रवृत्ति की सहायता से पढ़ाई कर रही हूँ और एक खिलाड़ी भी हूँ। हमारी आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण कई लोग शिक्षा से वंचित हैं। यदि स्थानीय सरकार और सम्बन्धित निकायों से सहयोग मिले तो हम भी उच्च शिक्षा प्राप्त कर सकते हैं।”

यह भी पढें   हमारा इरादा पैसा कमाना नहीं है – रवि लामिछाने

कार्यक्रम में भेरी साहित्य समाज केन्द्रीय समिति के अध्यक्ष इन्द्र बहादुर बस्नेत ने स्वागत भाषण दिया। साथ ही नेपालगंज उप–महानगरपालिका की पूर्व उप–प्रमुख उमा थपामगर, मानव अधिकार एलायन्स के केन्द्रीय सदस्य एवं लुम्बिनी प्रदेश इन्चार्ज प्रभात सिंह ठाकुरी, भेरी साहित्य समाज के पूर्व अध्यक्ष हरि प्रसाद तिमिल्सिना, पासी समुदाय के श्याममूरत पासी, माया पासी सहित अन्य वक्ताओं ने अपने विचार रखे।

रचना वाचन सत्र में पुष्पमणि प्रधान, भरत बहादुर रानाभाट, चन्द्रवती अधिकारी, भारत दिल्ली निवासी ‘सारा आकाश फाउंडेशन’ की अध्यक्ष वीणा वादिनी चौबे, हिरालाल शशस्वत सहित अन्य साहित्यकारों ने अपनी रचनाएं प्रस्तुत कीं।

यह भी पढें   राष्ट्रपति पौडेल द्वारा एक और अध्यादेश जारी

कार्यक्रम में वडा नं.–१ के सदस्य इन्द्र बहादुर राना, जगमोहन कांदू, कल्पना पौडेल ‘जिज्ञासु’, चरित्रा शाह, पवन जायसवाल, वडा कार्यालय के कर्मचारी, पदाधिकारी एवं भेरी साहित्य समाज केन्द्रीय समिति के सदस्यगणों की उपस्थिति रही।

About Author

आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *