पत्रकारों को निडर, स्वतंत्र और निष्पक्ष लेखन से अपनी पहचान बनानी चाहिए: डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक
नेपालगंज/बांके, संवाददाता – पवन जायसवाल
उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा है कि पत्रकारों को निडर, स्वतंत्र और निष्पक्ष लेखन के माध्यम से अपनी पहचान स्थापित करनी चाहिए। उन्होंने यह बात लखनऊ में आयोजित प्रिंट एंड इलेक्ट्रॉनिक जर्नलिस्ट एसोसिएशन की 26वीं स्थापना दिवस एवं पत्रकार सम्मान समारोह के अवसर पर कही।
लखनऊ के हजरतगंज स्थित उद्यान विभाग ऑडिटोरियम में आयोजित समारोह में विभिन्न राज्यों से आए पत्रकारों को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री पाठक ने कहा कि देश और राज्य की गरिमा की रक्षा करना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि उत्तर प्रदेश सरकार पत्रकारों के साथ हो रहे दुर्व्यवहार को किसी भी हाल में सहन नहीं करेगी।
ब्रजेश पाठक ने कहा कि यदि किसी पत्रकार के विरुद्ध कोई शिकायत प्राप्त होती है, तो संबंधित जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक को उस पर गंभीरता से जांच करनी चाहिए। केवल तभी मामला दर्ज किया जाना चाहिए जब पत्रकार दोषी पाए जाएं। किसी भी पत्रकार पर झूठे मुकदमे दर्ज नहीं होने चाहिए, और यदि किसी जिले में ऐसी घटनाएं सामने आती हैं, तो संबंधित अधिकारी और कर्मचारियों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
उपमुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में यह भी कहा कि पत्रकार और सरकार एक-दूसरे के पूरक हैं। पत्रकारों को निष्पक्ष कार्यों के माध्यम से सरकार की नीतियों को आम जनता तक पहुँचाने का काम करना चाहिए। उन्होंने बताया कि सरकार पत्रकारों के लिए भोजन, वस्त्र और आवास की व्यवस्था करने का प्रयास कर रही है। इसी क्रम में उत्तर प्रदेश सरकार पत्रकारों को आयुष्मान कार्ड भी उपलब्ध कराने की योजना बना रही है और इस मुद्दे पर वे जल्द ही मुख्यमंत्री से चर्चा करेंगे।
कार्यक्रम में संगठन के राष्ट्रीय महासचिव एवं प्रवक्ता रज्जा रिजवी ने कहा कि मुख्यमंत्री स्वयं पत्रकारों को उनके मौलिक अधिकार दिलाने को लेकर गंभीर हैं। उन्होंने संगठन की मांग-पत्र को गंभीरता से पढ़ने के बाद इस पर सकारात्मक विचार का आश्वासन दिया।
प्रिंट एंड इलेक्ट्रॉनिक जर्नलिस्ट एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष गिरीशचंद्र कुशवाहा ने उपमुख्यमंत्री को मांग-पत्र सौंपते हुए कहा कि यदि सरकार इसे स्वीकार करती है, तो भविष्य में पत्रकारों को बीमा, पेंशन, भोजन, वस्त्र और आवास की सुविधा भी मिल सकेगी जिससे पत्रकारों का सम्मान और बढ़ेगा।
कुशवाहा ने यह भी कहा कि एसोसिएशन पत्रकारों के ऊपर हो रहे उत्पीड़न और शोषण को किसी भी स्थिति में सहन नहीं करेगी। यदि किसी भी राज्य में निर्दोष पत्रकार को फंसाया गया, तो संगठन सड़क से संसद तक न्याय की लड़ाई लड़ेगा।
इस अवसर पर मध्य प्रदेश से अवधेश पुरोहित और संजीव पुरोहित, हरियाणा से प्रदीप मसीह गुलाटी, उत्तराखंड से राजेश गुप्ता, नेपाल प्रांत के इंचार्ज और रूपईडीहा निवासी शेर सिंह कसौधन समेत विभिन्न राज्यों से आए पत्रकारों ने सहभागिता की।
कार्यक्रम में 151 पत्रकारों को पंडित दीनदयाल उपाध्याय पुरस्कार और गणेश शंकर विद्यार्थी सम्मान प्रदान किए गए। लखनऊ, आगरा, कानपुर, अयोध्या, मुरादाबाद, गोंडा, बस्ती, अमेठी, बलिया सहित कई जिलों के वरिष्ठ पत्रकारों की उपस्थिति ने समारोह की गरिमा बढ़ाई।


