Sun. May 3rd, 2026
English मे देखने के लिए क्लिक करें

हरित अभियन्ता हेमन्तराज काफ्ले को नाइस अवार्ड २०२५ से सम्मानित

 

नेपालगंज/(बांके) पवन जायसवाल। वातावरण संरक्षण के क्षेत्र में सक्रिय हरित अभियन्ता हेमन्तराज काफ्ले को श्रावण २० गते (४ अगस्त २०२५) नेपालगंज में आयोजित एक विशेष समारोह में “नाइस अवार्ड २०२५” से सम्मानित किया गया। उन्हें यह सम्मान नगद १० हजार रूपये तथा सम्मान-पत्र सहित प्रदान किया गया।

समारोह का आयोजन नाइस नेपालगंज द्वारा स्वस्तिक कॉटेज, नेपालगंज में संस्था की छठी वार्षिकोत्सव एवं साधारण सभा के अवसर पर किया गया था। कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन जिला समन्वय समिति बाँके के प्रमुख ज्ञानेन्द्र कुमार चौधरी और नाइस नेपालगंज के अध्यक्ष हेमराज भट्ट ने पौधारोपण कर किया।

सम्मान समारोह में प्रमुख अतिथि ज्ञानेन्द्र कुमार चौधरी, उप–प्रमुख सीता कार्की, सहायक प्रमुख जिला अधिकारी उमाकान्त अधिकारी, गैर सरकारी संस्था महासंघ के केन्द्रीय सचिव एवं नाइस नेपालगंज के सल्लाहकार नमस्कार शाह, वरिष्ठ पत्रकार एवं नाइस अवार्ड २०२३ विजेता झलक गैरे, नेपाल पत्रकार महासंघ बाँके के अध्यक्ष नविन गिरी, बास नेपाल के अध्यक्ष शिव कुमार वर्मा, एनआईसी एशिया बैंक के क्षेत्रीय प्रमुख मनोहर ठगुराठी, मंगल प्रसाद माध्यमिक विद्यालय की प्रधानाध्यापक सन्ध्या गुप्ता सहित कई विशिष्ट अतिथियों ने संयुक्त रूप से हेमन्तराज काफ्ले को सम्मानित किया।

यह भी पढें   एलपी गैस की कीमत में वृद्धि, पेट्रॉल और डीजल की कीमत में कमी

इस अवसर पर प्रमुख अतिथि चौधरी ने कहा कि समाज में सकारात्मक कार्य करनेवाले व्यक्तियों को सम्मानित करना प्रेरणादायक होता है। उन्होंने हेमन्तराज काफ्ले को पर्यावरण संरक्षण में उनके समर्पण के लिए बधाई दी।

सहायक प्रमुख जिला अधिकारी उमाकान्त अधिकारी ने नाइस नेपालगंज द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि असल कार्य करनेवालों को सम्मान देने से समाज में सकारात्मक संदेश जाता है।

कार्यक्रम की उपाध्यक्ष शोभा थापा मगर ने स्वागत वक्तव्य प्रस्तुत किया, जबकि संचालन संस्था के सचिव कमल शाही ने किया। नाइस के संस्थापक अध्यक्ष नमस्कार शाह ने कहा कि हरियाली अभियान में निःस्वार्थ सेवा देनेवाले को सम्मानित करना वास्तव में एक प्रेरणादायक कदम है।

यह भी पढें   अतिक्रमित बस्तियों को हटाने का कार्य आज भी जारी

सम्मान प्राप्त करने के बाद हेमन्तराज काफ्ले ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान उनके लिए गर्व की बात है और इससे उनकी जिम्मेदारी और भी बढ़ गई है। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण में निरंतर सक्रिय रहने की प्रतिबद्धता दोहराई।

कार्यक्रम में नरैनापुर, राप्तीसोनारी, जानकी गाँवपालिका, एनआईसी एशिया बैंक तथा बास नेपाल का सहकार्य रहा। इस अवसर पर संस्था के विभिन्न परियोजनाओं में कार्यरत तीन कर्मचारियों को भी प्रशंसा–पत्र देकर सम्मानित किया गया।
करीब ६० से अधिक लोगों की सहभागिता वाले इस कार्यक्रम में सहयोगी संस्थाओं को भी प्रशंसा-पत्र प्रदान किए गए।

About Author

आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *