केन्द्रीय विद्यालय काठमांडू में हुआ हिन्दी पखवाड़े का भव्य समापन समारोह
काठमांडू, २६सितम्बर । केंद्रीय विद्यालय भारतीय राजदूतावास काठमांडू में 11 सितंबर से चल रहा हिन्दी पखवाड़ा आज समापन को प्राप्त हुआ। हिंदी पखवाड़ा समापन समारोह बड़े ही हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ मंगलाचरण के साथ हुआ, जिसके पश्चात विद्यालय प्रांगण हिंदीमय वातावरण से गुंजायमान हो उठा। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने अपनी सृजनात्मकता और प्रतिभा का मनोहारी प्रदर्शन प्रस्तुत किया। विविध रंगारंग कार्यक्रमों में से समूह नृत्य सबसे आकर्षण का केंद्र रहा। बच्चों की सुसंगठित प्रस्तुति, लयबद्ध ताल और भावपूर्ण मुद्राओं ने उपस्थित जनों के हृदय को मोह लिया।
संगीत की धुन पर थिरकते नन्हें कदमों ने न केवल मंच की शोभा बढ़ाई, बल्कि हिंदी की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का जीवंत रूप भी प्रस्तुत किया। दर्शकों की तालियों की गड़गड़ाहट से वातावरण गुंजायमान हो उठा और समारोह का हर क्षण अविस्मरणीय बन गया।वरिष्ठ शिक्षक श्री डी पी दास ने विस्त्तार से पखवाड़ा का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया।

इस अवसर पर विभिन्न प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले विद्यार्थियों और शिक्षकों को मुख्य तिथि डॉ (श्रीमती) पारुल पाण्डेय द्वारा प्रमाण-पत्र और पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। यह सम्मान समारोह न केवल उनकी मेहनत और प्रतिभा की स्वीकृति थी, बल्कि भविष्य में और भी उत्कृष्ट प्रदर्शन हेतु प्रेरणा का स्रोत भी बना।प्राचार्य श्री ए.जेराल्ड ने कहा कि वास्तव में, यह आयोजन हिंदी के गौरव, विद्यार्थियों की प्रतिभा और विद्यालय की सांस्कृतिक समृद्धि का अद्भुत संगम था। विद्यालय के राजभाषा प्रभारी डॉ आनंद कुमार त्रिपाठी ने समारोह को सफल बनाने के लिए सभी के प्रति कृतज्ञता प्रकट करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया।


