एफ संवाय जमुनिया क्षेत्र में “रन फॉर यूनिटी” का सफल आयोजन, 102 बच्चों ने लिया भाग
जमुनिया (13 दिसंबर 2025)। एफ संवाय जमुनिया के क्षेत्र में आज “रन फॉर यूनिटी” कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता 71वीं वाहिनी के कमांडेंट श्री प्रफुल्ल कुमार ने की। आयोजन में उप कमांडेंट श्री शतीश कुमार गुप्ता एवं निर्देशन में श्री विश्वजीत तिवारी तथा निरीक्षक राजनंदन कुमार (संवाय प्रभारी) की विशेष भूमिका रही।
इस कार्यक्रम में वाइब्रेंट विलेज जमुनिया एवं झरोखर के बच्चों के साथ-साथ उच्च माध्यमिक विद्यालय जमुनिया खास, 10+2 उच्च विद्यालय टोनवा तथा एफ संवाय क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले जमुनिया, झरोखर, छितरौली, लक्ष्मीतोला, कोरैया, बिशनपुर आदि गांवों के कुल 102 बच्चों एवं बच्चियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
दौड़ की शुरुआत झरोखर सैनिक सड़क से की गई, जो लगभग 3 किलोमीटर की दूरी तय करते हुए अगारवा सैनिक सड़क तक सम्पन्न हुई। बालकों की दौड़ में प्रदीप कुमार ने 16 मिनट में प्रथम स्थान प्राप्त किया, साजिद आलम ने 17 मिनट में द्वितीय तथा कुंदन कुमार ने 18 मिनट में तृतीय स्थान हासिल किया। वहीं बालिकाओं की श्रेणी में कुमारी सपना प्रथम, प्रियंशु कुमारी द्वितीय एवं सोनम कुमारी तृतीय स्थान पर रहीं। सभी छह विजेताओं को मेडल, प्रमाण पत्र एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त तीन बालक एवं तीन बालिकाओं को भी मेडल एवं प्रमाण पत्र दिए गए, जबकि शेष सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों एवं मुख्य अतिथि को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित करने से हुई। इसके बाद पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। सभी प्रतिभागियों को टोकन वितरित किए गए तथा राष्ट्रीय गान एवं एसएसबी गीत के उपरांत फ्लैग ऑफ कर दौड़ प्रारंभ कराई गई। दौड़ के दौरान एसएसबी के कार्मिक भी बच्चों के साथ दौड़ में शामिल रहे। सुरक्षा एवं व्यवस्था की दृष्टि से जगह-जगह गर्म पानी एवं ओआरएस के साथ कार्मिक तैनात थे। अंतिम छोर पर घोड़ासन से आए चिकित्सक दल अपनी एंबुलेंस के साथ मौजूद रहे तथा थाना झरोखर के पुलिसकर्मी भी विभिन्न स्थानों पर तैनात रहे।
कार्यक्रम को सफल बनाने में मुख्य अतिथि के रूप में श्री मनोज जायसवाल (मुखिया), झरोखर थानाध्यक्ष उप निरीक्षक प्रदीप कुमार, नेपाल एपीएफ से उप निरीक्षक अर्जुन पनीरू, नेपाल पुलिस से उप निरीक्षक आर.डी. ठाकुर, घोड़ासन अस्पताल के चिकित्सक डॉ. विकास कुमार एवं उनकी टीम, शिक्षक मुकेश कुमार (प्राचार्य, जमुनिया विद्यालय), श्रीमती अनीता कुमारी, श्रीमती नीतू कुमारी (टोनवा विद्यालय), श्री रामकिशोर कुमार सहित पूरी एफ संवाय जमुनिया के कार्मिकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
“रन फॉर यूनिटी” कार्यक्रम ने बच्चों एवं युवाओं में एकता, अनुशासन और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।






