Wed. Jun 17th, 2026
English मे देखने के लिए क्लिक करें

भारतीय राजदूतावास, काठमांडू द्वारा हिन्दी साहित्य उत्सव का भव्य आयोजन

 


काठमांडू, 24 दिसम्बर 2025 । भारतीय राजदूतावास, काठमांडू द्वारा ‘हिंदी साहित्य उत्सव’ के अंतर्गत दिनांक 24 दिसम्बर 2025 को अपराह्न 3:00 बजे से नेपाल–भारत लाइब्रेरी, न्यू रोड, काठमांडू में हिंदी साहित्य के चार विशिष्ट स्तंभ—शरद जोशी, रांगेय राघव, रघुवीर सहाय एवं राम प्रसाद ‘बिस्मिल’—पर केंद्रित एक गरिमामय साहित्यिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में केन्द्रीय विद्यालय के शिक्षकों ने विचारोत्तेजक वक्तव्य प्रस्तुत किए। राम प्रसाद ‘बिस्मिल’ और रांगेय राघव पर क्रमशः श्री विजित गंभीर एवं श्रीमती स्मृति शेली ने उनके व्यक्तित्व, कृतित्व और वैचारिक योगदान पर प्रकाश डाला। शरद जोशी पर श्री अमित गोयल ने उनके व्यंग्य की सामाजिक प्रासंगिकता और समकालीन चेतना को रेखांकित किया, जबकि रघुवीर सहाय पर केंद्रीय हिंदी विभाग त्रिभुवन विश्वविद्यालय की डॉ. मौसमी तिवारी ने उनकी काव्य-दृष्टि और लोकतांत्रिक संवेदना पर सारगर्भित वक्तव्य दिया
कार्यक्रम को विद्यार्थियों की सशक्त सहभागिता ने विशेष रूप से समृद्ध किया। केन्द्रीय विद्यालय काठमांडू के छात्र रोहन मित्तल ने शरद जोशी तथा सहज गोयल ने राम प्रसाद ‘बिस्मिल’ की रचनाओं का प्रभावशाली पाठ कियाइसी क्रम में डी.ए.वी. विद्यालय के विद्यार्थियों आयुष राज और अनुका जायसवाल ने क्रमशः राम प्रसाद ‘बिस्मिल’ और शरद जोशी की रचनाओं का सस्वर वाचन कर श्रोताओं को भावविभोर किया।
कार्यक्रम का सफल एवं सुव्यवस्थित संचालन केन्द्रीय विद्यालय, भारतीय राजदूतावास, काठमांडू के वरिष्ठ शिक्षक डॉ. आनंद कुमार त्रिपाठी द्वारा किया गयाभारतीय राजदूतावास, काठमांडू के अताशे (राजभाषा) एवं कार्यक्रम के संयोजक डॉ. धनेश द्विवेदी ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत करते हुए वक्ताओं, विद्यार्थियों एवं उपस्थित साहित्य-प्रेमियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर हिमालिनी हिंदी पत्रिका के अध्यक्ष इं. सच्चिदानंद मिश्र, अंतरराष्ट्रीय हिंदी सभा की सचिव रीना देवी, उर्दू अकादमी नेपाल के अध्यक्ष इम्तियाज वफ़ा, डी.ए.वी. विद्यालय के हिंदी विभागाध्यक्ष पुरुषोत्तम पोखरेल, हिमालिनी ऑनलाइन की कार्यकारी संपादक कंचना झा सहित अनेक गणमान्यजन, शिक्षक एवं विद्यार्थी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम ने हिंदी साहित्य की समृद्ध परंपरा और उसकी समकालीन प्रासंगिकता को सुदृढ़ रूप से रेखांकित किया।

यह भी पढें   प्राध्यापक धरना का ६६वां दिन त्रि वि में पेंशन सुविधा का प्रश्न : संस्थागत न्याय, सम्मान और उत्तरदायित्व की आवश्यकता

About Author

आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may missed