प्रतिनिधि सभा चुनाव – आज मतदान
काठमांडू, फागुन २१ – जेन जी आन्दोलन के बाद उत्पन्न विशेष परिस्थितियों में होने जा रहे प्रतिनिधिसभा सदस्य चुनावों अन्तर्गत आज मतदान होगा । देश के ७७ जिलों में अब से कुछ ही देर यानी सुबह ७ से अपराह्न ५ बजे तक एक ही चरण में मतदान होगा । देश के संघीय लोकतांत्रिक गणतंत्र में प्रवेश करने के बाद से प्रतिनिधि सभा के लिए ये तीसरा चुनाव है । इससे पहले २०७४ और २०७९ साल में चुनाव हुए थे । आज (प्रत्यक्ष)से १६५ निर्वाचन क्षेत्र और समानुपातिक से ११० स्थानों के लिए चुनाव होगा ।
प्रत्यक्ष से ६१ चुनाव चिह्न में ६५ राजनीतिक दल प्रतिस्पर्धा कर रहे ह्रै । प्रत्यक्ष से तीन हजार १७ पुरुष, ३८८ महिला और एक अन्य कर तीन हजार ४०६ उम्मीदवार चुनावी प्रतिस्पर्धा में हैं ।
वहीं, सामानुपातिक चुनाव प्रणाली के तहत एक हजार ३६३ पुरुष और एक हजार ७७२ महिला सहित तीन हजार १३५ उम्मीदवार प्रतिस्पर्धा में हैं । प्रत्यक्ष के लिए १६५ निर्वाचन क्षेत्र और सामानुपातिक के लिए ११० सीटों पर चुनाव होंगे ।
इसी तरह इस बार के चुनाव में ९६ लाख ६३ हजार ३५८ पुरुष, ९२ लाख ४० हजार १३१ महिला और २०० अन्य सहित एक करोड़ ८९ लाख तीन हजार ६८९ मतदाता हैं । साथ ही, आयोग ने एक लाख ८६ हजार १४२ अस्थायी मतदाता होने की जानकारी दी है।
चुनाव के लिए देशभर में १० हजार ९६७ मतदान स्थलों पर २३ हजार ११२ मतदान केंद्र निर्धारित किए गए हैं । १४३ अस्थायी मतदान स्थल तय किए गए हैं । चुनाव सुरक्षा के लिए ७९ हजार ७२७ नेपाली सेना, ७५ हजार ७९७ नेपाल प्रहरी, ३४ हजार ५६७ सशस्त्र प्रहरी बल, एक हजार ९२१ राष्ट्रीय अनुसंधान और एक लाख ४९ हजार ९० चुनावी पुलिस तैनात किए गए हैं।
इतना ही नहीं चुनाव के लिए दो लाख १५ हजार कर्मचारी तैनात किए गए हैं । आयोग ने प्रत्यक्ष और सामानुपातिक दोनों के लिए कुल चार करोड़ २२ लाख ५१ हजार २०० मतपत्रों की छपाई पूरी कर ली है । इस बार के चुनाव में चार अंतरराष्ट्रीय और ३९ राष्ट्रीय संस्थाएं चुनाव पर्यवेक्षण के लिए तैनात की गई है ।
राष्ट्रपति रामचन्द्र पौडेल, उप राष्ट्रपति रामसहायप्रसाद यादव, प्रधानमंत्री सुशीला कार्की और कार्यवाहक प्रमुख निर्वाचन आयुक्त रामप्रसाद भण्डारी आदि ने आह्वान किया है कि चुनाव प्रक्रिया में उत्साहजनक रूप से सहभागी होकर मतदान करें ।


