नेपाली कांग्रेस ११ वैशाख को ‘संसदीय दल का नेता’ का चुनाव करेगी
काठमांडू, २० अप्रैल । नेपाली कांग्रेस ने अपने संसदीय दल के नेता के निर्वाचन की तिथि तय कर दी है । निर्णय अनुसार पार्टी के संसदीय दल नेता का चुनाव आगामी ११ वैशाख को किया जाएगा । सहमहामंत्री प्रकाश स्नेही रसाइली के नेतृत्व में गठित निर्वाचन समिति ने आज ही चुनावी कार्यतालिका सार्वजनिक करने की तैयारी की है । निर्वाचन समिति की सदस्य एवं कांग्रेस की केंद्रीय सदस्य मुना भुसाल के अनुसार समिति आज कार्यतालिका जारी करेगी और ११ वैशाख को चुनाव सम्पन्न कराने के लिए पूरी तरह जुटी हुई है ।
वर्तमान में प्रतिनिधि सभा में कांग्रेस के कुल ३८ सांसद हैं । संसद में प्रतिनिधित्व करने वाली अन्य सभी राजनीतिक दलों ने अपने–अपने संसदीय दल के नेता चुन लिए हैं, लेकिन कांग्रेस अब तक यह प्रक्रिया पूरी नहीं कर सकी है । इसी कारण पार्टी को आलोचनाओं का भी सामना करना पड़ रहा है । कांग्रेस के भीतर संसदीय दल नेता बनने को लेकर कई नेता आकांक्षी हैं । इनमें भीष्मराज आङदेम्बे और अर्जुननरसिंह केसी समेत अन्य नेताओं के नाम चर्चा में हैं ।

