विराटनगर के एवरेस्ट स्कूल के छात्र स्पेन में करेंगे देश का प्रतिनिधित्व, ईएमयूएन में भागीदारी
माला मिश्रा जोगबनी विराटनगर ( सीमा क्षेत्र ) । कोशी प्रदेश की राजधानी विराटनगर स्थित एवरेस्ट सेकेंडरी स्कूल के सात छात्रों सहित दस सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल स्पेन के लिए रवाना हो रहा है। यह दल 12 से 14 जून तक स्पेन के बार्सिलोना में आयोजित होने वाले प्रतिष्ठित यूरोपीय मॉडल संयुक्त राष्ट्र (ईएमयूएन) में भाग लेगा।
जानकारी के अनुसार, इस अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम में अमेरिका, यूरोप, कनाडा, तुर्की, भारत और नेपाल सहित विभिन्न देशों के लगभग 20 विद्यालयों के छात्र भाग लेने वाले हैं। नेपाल से कुल चार स्कूल इस मॉडल असेंबली में हिस्सा ले रहे हैं, जिनमें तीन स्कूल संघीय राजधानी काठमांडू से तथा एकमात्र स्कूल कोशी प्रदेश की राजधानी विराटनगर स्थित एवरेस्ट सेकेंडरी स्कूल है। काठमांडू के अक्षरा स्कूल, वैली पब्लिक स्कूल और वैदिक स्कूल भी इस कार्यक्रम में भागीदारी सुनिश्चित कर रहे हैं।
ग्लोबल हेल्प फाउंडेशन के महासचिव कुंवर दीपांकर के अनुसार, नेपाल से लगभग 35 छात्र इस अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। इनमें एवरेस्ट स्कूल के सात छात्र भी शामिल हैं, जो अपने विद्यालय और देश का प्रतिनिधित्व करेंगे।
विद्यालय के उप-प्रधानाध्यापक टी.एन. भंडारी ने बताया कि इस दल में कक्षा 9 के सक्षम कर्ण, अन्या कोइराला और सुयम काफले, कक्षा 10 की श्वेत्ना कर्ण तथा कक्षा 11 के अर्जू सिग्देल, आयुषमा जायसवाल और प्रेम खतिवाड़ा शामिल हैं। इनके साथ गीता ढकाल, उप-प्रधानाध्यापक स्वयं टी.एन. भंडारी तथा कुंदन पुरी भी टीम का हिस्सा हैं।
विद्यालय प्रशासन का मानना है कि इस प्रकार के अंतरराष्ट्रीय मंच पर भागीदारी से छात्रों में नेतृत्व क्षमता, संवाद कौशल तथा वैश्विक दृष्टिकोण का विकास होता है। यह अवसर न केवल छात्रों के व्यक्तित्व निर्माण में सहायक सिद्ध होगा, बल्कि उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का भी मंच प्रदान करेगा।


