मादक पदार्थ विरोधी महाअभियान का विराटनगर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित कर शुभारंभ
हिमालिनी प्रतिनिधि कोशी प्रदेश नेपाल । नेपाल पुलिस द्वारा संचालित “मादक पदार्थ विरोधी महाअभियान–२०८३” के अंतर्गत विराटनगर में शनिवार सुबह प्रभातफेरी कार्यक्रम सम्पन्न किया गया। सुबह ८ बजे शहीद मैदान से शुरू हुए इस कार्यक्रम में विभिन्न संघ–संस्थाओं, विद्यार्थियों, सुरक्षाकर्मियों तथा आम नागरिकों की उल्लेखनीय भागीदारी रही।
कार्यक्रम में सहभागी संघ–संस्थाओं ने मादक पदार्थ दुरुपयोग के विरुद्ध जनचेतनामूलक प्लेकार्ड प्रदर्शन करते हुए समाज को कुरीतियों से जागरूक बनाकर सभी को एकजुट होने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में नेपाल पुलिस के पुलिस महानिरीक्षक (आईजीपी) दानबहादुर कार्की, प्रतिनिधि सभा सदस्य आशा झा सहित उच्च पुलिस अधिकारी तथा विभिन्न सामाजिक संघ-संस्थाओं के प्रतिनिधियों की उपस्थिति रही।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद आशा झा ने कहा कि मादक पदार्थ भारत के जोगबनी नाका से प्रवेश कर रहे हैं और सीमा पर निगरानी कमजोर है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले दिनों में सरकार सीमा क्षेत्र में सख्ती बढ़ाकर मादक पदार्थ नियंत्रण को प्रभावी बनाएगी।
इसी तरह पुलिस महानिरीक्षक दानबहादुर कार्की ने कहा कि मादक पदार्थ युवापीढ़ी के भविष्य को अंधकार की ओर धकेल रहे हैं, इसलिए इसका नियंत्रण नेपाल पुलिस की प्राथमिकता में है। उन्होंने विद्यार्थियों, अभिभावकों, सामाजिक संघ-संस्थाओं तथा सभी नागरिकों से समाज को नशामुक्त बनाने में सहयोग करने की अपील की।
इसके बाद कार्यक्रम विराटनगर स्थित मनास्लु होटल में औपचारिक सभा में परिवर्तित हुआ।


