श्रीराम जानकी म्यूजिकल ग्रुप के संगीत प्रशिक्षण कार्यालय का हुआ भव्य शुभारंभ
रक्सौल। बीती देर शाम नटराज सेवा संगम के सौजन्य से पोस्ट ऑफिस रोड स्थित श्री राम जानकी मंदिर सह विवाह परिसर में श्रीराम जानकी म्यूजिकल ग्रुप के संगीत ट्रेनिंग एवं प्रशिक्षण कार्यालय का शुभ उद्घाटन संध्या श्रद्धा, भक्ति एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। समारोह में धार्मिक, सांस्कृतिक एवं सामाजिक क्षेत्र से जुड़े अनेक गणमान्य लोगों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम का शुभारंभ फीता काटकर ठाकुर अनुकुल चंद्र के तैलचित्र पर पुष्प अर्पित एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया । इसके उपरांत भजन-कीर्तन एवं मंगलाचरण से पूरे परिसर में भक्तिमय वातावरण छा गया।
व्यास जूही राज ने उपस्थित अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि श्रीराम जानकी म्यूजिकल ग्रुप का उद्देश्य केवल संगीत का प्रशिक्षण देना नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, सनातन परंपरा एवं भक्ति की भावना को नई पीढ़ी तक पहुँचाना है। उन्होंने कहा कि नए प्रशिक्षण कार्यालय के माध्यम से संगीत साधकों एवं कलाकारों को व्यवस्थित प्रशिक्षण और बेहतर सुविधाएँ उपलब्ध कराई जाएँगी। उन्होंने बताया कि भजन संध्या, सांस्कृतिक संध्या, देवी जागरण तथा अन्य धार्मिक एवं सांस्कृतिक अनुष्ठानों में मनभावन भजनों एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के लिए अब सभी प्रकार की जानकारी, कार्यक्रम निर्धारण एवं बुकिंग संबंधी कार्य नये कार्यालय से किये जायेंगे।
इस अवसर पर उपस्थित भारत विकास परिषद शाखा रक्सौल के अध्यक्ष रजनीश प्रियदर्शी ने श्रीराम म्यूजिकल ग्रुप के
व्यास जूही राज एवं नरेश कुमार को नये कार्यालय के शुभारंभ पर हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ऐसी धार्मिक एवं सांस्कृतिक संस्थाएं भारतीय संस्कृति, भक्ति परंपरा और सामाजिक समरसता को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि नये कार्यालय से म्यूजिकल ग्रुप की गतिविधियाँ और अधिक सुव्यवस्थित और अधिक व्यापक होगी तथा सभी को आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक रूप से समृद्ध करने का कार्य निरंतर आगे बढ़ेगा।
कार्यक्रम में व्यास नरेश जी ने कहा कि संगीत और भजन ईश्वर की आराधना का सशक्त माध्यम हैं। यह प्रशिक्षण केंद्र धार्मिक एवं सांस्कृतिक प्रतिभाओं को निखारने के साथ-साथ समाज में सांस्कृतिक चेतना को भी नई दिशा प्रदान करेगा। इस मौके पर पूर्व आरडीडी ब्रजेश ओझा ने सुमधुर भजनों से खूब शमां बाँधा।
समारोह में उपस्थित अतिथियों ने श्रीराम जानकी म्यूजिकल ग्रुप की इस पहल की सराहना करते हुए इसे भारतीय संस्कृति एवं सनातन परंपरा के संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया तथा संस्था के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम के समापन पर व्यास जूही राज ने सभी अतिथियों, पदाधिकारियों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सभी के स्नेह, सहयोग एवं आशीर्वाद से संस्था भविष्य में भी धार्मिक, सांस्कृतिक एवं सामाजिक गतिविधियों को और अधिक व्यापक रूप से संचालित करती रहेगी।
समारोह के अंत में उपस्थित अतिथियों का मुँह मीठा कराया गया तथा सभी ने नवस्थापित संगीत प्रशिक्षण कार्यालय की सफलता के लिए शुभकामनाएँ दीं। मौके पर आरडीडी ब्रजेश ओझा, एम. के. मिशन आवासीय विद्यालय, भलूवाहिया रामगढ़वा के निदेशक ध्रुव नारायण कुशवाहा, संगीत गुरु संजय दास, सिंगर अमृता, नटराज सेवा संगम के पन्नालाल प्रसाद, श्यामा जायसवाल, धीरज कुमार, अजय कुमार, बैज जायसवाल, सन्नी पटेल, अंकेश्वर सर्राफ, अशोक कुमार, पूरन पटेल, पूर्व आरडीडी ब्रजेश ओझा, सरोज गिरि, पिंटू समेत अनेक सदस्य एवं नगर के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।



