एसएसबी, पुलिस और नेपाल एपीएफ की समन्वय बैठक, सीमा पर सुरक्षा और तस्करी रोकने पर बनी रणनीति
माला मिश्रा विराटनगर जोगबनी ( सीमा क्षेत्र) । भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और सीमा पार होने वाली अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने को लेकर सोमवार को बीसीपी गेट जोगबनी में एसएसबी, जोगबनी पुलिस और नेपाल एपीएफ के अधिकारियों के बीच समन्वय बैठक आयोजित की गई। 56वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल के “एफ” समवाय जोगबनी के कार्यक्षेत्र में आयोजित बैठक करीब एक घंटे तक चली। बैठक में सीमा सुरक्षा से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। दोनों देशों के सुरक्षा बलों ने सीमा पार से होने वाले अपराधों की रोकथाम, आसूचना एवं महत्वपूर्ण सूचनाओं के आपसी आदान-प्रदान, तस्करी पर प्रभावी नियंत्रण तथा आपराधिक छवि वाले लोगों की गतिविधियों पर अंकुश लगाने को लेकर रणनीति बनाई।
इसके अलावा सीमा क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए संयुक्त गश्ती को और प्रभावी बनाने पर भी सहमति बनी। अधिकारियों ने सीमा पर संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी तत्काल साझा करने तथा आपसी समन्वय के साथ कार्रवाई करने पर जोर दिया।
बैठक के बाद एसएसबी और नेपाल एपीएफ के जवानों ने “एफ” समवाय जोगबनी के सीमा क्षेत्र में विशेष संयुक्त गश्ती अभियान चलाया। इस दौरान सीमा क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ तस्करी एवं अन्य अवैध गतिविधियों पर नजर रखी गई। इस मौके पर जोगबनी थाना के दरोगा विष्णुकांत , एसएसबी प्रभारी हरेंद्र सिंह के अलावा एसपीएफ प्रभारी नेपाल सहित अन्य जवान शामिल थे ।


