Wed. Oct 28th, 2026
English मे देखने के लिए क्लिक करें

महानवमी पर भारत विकास परिषद ने किया कन्या पूजन

 

 बेटियों की सुरक्षा, शिक्षा और सम्मान धार्मिक अनुष्ठानों तक सीमित न रहे, सामाजिक व्यवहार में भी दिखे : मेनका गुप्ता

रक्सौल। आज सोमवार को शारदीय नवरात्र की महानवमी पर भारत विकास परिषद, शाखा–रक्सौल के तत्वावधान में कोईरिया टोला स्थित शिवनारायण कॉम्प्लेक्स में कन्या पूजन, कन्या सम्मान एवं संस्कार समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर 40 कन्याओं का विधि-विधान से पूजन कर उन्हें भोजन प्रसाद, शैक्षणिक पाठ्य सामग्री, श्रीफल नारियल एवं उपयोगी उपहार भेंट किए गए। कार्यक्रम के माध्यम से बालिका शिक्षा, नारी सम्मान और बेटी संरक्षण का संदेश दिया गया।

परिषद की महिला सहभागिता प्रमुख मेनका गुप्ता के नेतृत्व में आयोजित समारोह में कन्याओं के चरण पखारकर उनका पूजन एवं श्रृंगार किया गया। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच मांँ दुर्गा की आराधना और आरती के बाद कन्याओं को भोजन प्रसाद ग्रहण कराया गया तथा उपहार देकर सम्मानित किया गया। पूजा-अर्चना में शाखा अध्यक्ष रजनीश प्रियदर्शी, कोषाध्यक्ष सुनील कुमार, सीमा गुप्ता, किरण जायसवाल, मेनका गुप्ता, पूनम सर्राफ, डॉ. अदिति गुप्ता एवं शाम्भवी जायसवाल ने सहभागिता निभायी ।

यह भी पढें   नेपाल–भारत क्रस बॉर्डर टूरिज्म कनेक्ट 2026 आज से शुरू

इस मौके पर शाखा अध्यक्ष रजनीश प्रियदर्शी एवं सचिव नरेश कुमार ने कहा कि कन्याएं समाज और राष्ट्र की मजबूत आधारशिला हैं। वे शक्ति स्वरूपा हैं। बेटियों को बेहतर शिक्षा, संस्कार और स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि बेटियों को समान अवसर और सम्मान देकर ही शिक्षित, संस्कारित एवं सशक्त भारत का निर्माण किया जा सकता है।

वहीं महिला सहभागिता प्रमुख मेनका गुप्ता ने कहा कि भारतीय संस्कृति में नारी को शक्ति स्वरूपा माना गया है। नवरात्र में कन्या पूजन का विशेष महत्व है, लेकिन बेटियों के प्रति सम्मान केवल धार्मिक अनुष्ठानों तक सीमित नहीं रहना चाहिए। कन्या भ्रूण हत्या, यौन शोषण और दहेज उत्पीड़न जैसी सामाजिक कुरीतियों के उन्मूलन के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी हैं। उन्होंने कहा, “बेटी बचाएंगे, तभी सृष्टि बचेगी; बेटियां हैं तो कल है।” बेटियों की सुरक्षा, शिक्षा और सम्मान सुनिश्चित करना हर नागरिक का दायित्व है।

यह भी पढें   नवरात्रि की आस्था और नारी की व्यथा : कैलाश दास

परिषद संस्कार संयोजक नीतेश कुमार सिंह एवं संगठन सचिव अजय कुमार ने संयुक्त रूप से बताया कि बीते दिनों परिषद के विधा विकास अभियान के अंतर्गत ‘बेटी बचाओ–बेटी पढ़ाओ’ अभियान को सार्थकता को अमलीजामा पहनाने के लिए रक्सौल अनुमंडल के विभिन्न सरकारी विद्यालयों में अध्ययनरत छात्राओं के बीच शैक्षणिक पाठ्य सामग्री वितरित की गई है। इसका उद्देश्य बालिकाओं को शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करना और उनके उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में सहयोग देना है।

परिषद के सेवा संयोजक सह मीडिया प्रभारी बिमल कुमार सर्राफ एवं विजय कुमार साह ने बताया कि भारत सरकार के एनीमिया मुक्त भारत अभियान को गति देने के लिए रक्सौल शाखा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के सहयोग से शहर के विभिन्न विद्यालयों, विशेषकर सरकारी विद्यालयों में नि:शुल्क एनीमिया जांँच शिविर आयोजित करने की तैयारी कर रही है। शिविरों में छात्राओं की जांच के साथ आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श एवं जरूरत के अनुसार दवा उपलब्ध कराने की दिशा में पहल की जाएगी।
कार्यक्रम में मेनका गुप्ता, सीमा गुप्ता, किरण जायसवाल , पूनम सर्राफ , डॉ. अदिति गुप्ता, शाम्भवी जायसवाल,सुनील कुमार, नीतेश कुमार सिंह, प्रशांत कुमार, अजय कुमार, विजय कुमार साह, अरविंद जायसवाल, सुनील कुमार, सुरेश धानोठिया, विनोद कुमार एवं दिनेश प्रसाद परिषद के अनेक सदस्यों ने सराहनीय योगदान दिया। इसकी जानकारी परिषद के संपर्क संयोजक उमेश सिकारिया एवं सेवा संयोजक सह मीडिया प्रभारी बिमल कुमार सर्राफ ने दी है।

About Author

आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com