Mon. May 25th, 2026
English मे देखने के लिए क्लिक करें

सीतामढ़ी में पूर्व सांसद के पेट्रोल पंपकर्मी से 12.38 लाख की लूट

 

 

*सीतामढ़ी.मधुरेश*-जगत जननी माता सीता की पावन धरती बिहार के सीतामढ़ी में आजकल अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। डुमरा थाना क्षेत्र के सीतामढ़ी-मुजफ्फरपुर रोड पर जगदीशपुर पुल के पास अपराधियों ने श्रीकृष्णा पेट्रोलियम के कर्मी से 12.38 लाख रुपये लूट लिये। घटना सोमवार की है। लूटपाट की घटना के दौरान अपराधियों ने पेट्रोल पंपकर्मी पर जानलेवा हमला करते हुए फायरिंग भी की। घटना की सूचना मिलने पर एएसपी अभियान संजीव कुमार, डुमरा थानाध्यक्ष छोटन कुमार एवं क्यूआरटी टीम ने मौके पर पहुंच कर घटना की जांच-पड़ताल की। घटनास्थल के पास से पुलिस ने पिस्टल की गोली बरामद की है। पेट्रोल पंप पूर्व सांसद सीताराम यादव का है। लूट का शिकार पंपकर्मी सुरेंद्र राय व संजय राय ने बताया कि रविवार को बैंक बंद होने के कारण वे दो दिन का कलेक्शन 12.38 लाख रुपये व लाखों के चेक लेकर लगमा स्थित पेट्रोल पंप से मारुति कार पर सवार होकर जिला मुख्यालय के सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया में जमा कराने जा रहे थे।

dacoit

इसी दौरान पीछे से तीन बाइक पर सवार छह अपराधियों ने ओवरटेक कर मारुति कार पर फायरिंग शुरू कर दी। गोली कार के आगेवाले शीशे पर लगी। वे लोग डर से गाड़ी में नीचे बैठ गये। इसके बाद अपराधियों ने पिस्तौल का भय दिखा कर रूपये लूट लिये। लूट की घटना को अंजाम देने के बाद बाइक सवार अपराधी वापस मुजफ्फरपुर की दिशा में फरार हो गये।

अपने पेट्रोल पंप पर दूसरी बार लूटपाट की सूचना मिलने पर पूर्व सांसद श्री यादव घटनास्थल का जायजा लेने के बाद डुमरा थाना पहुंचे। वहां एएसपी संजीव कुमार व थानाध्यक्ष छोटन कुमार से उन्होंने बातचीत की। यहां बता दें कि इससे पूर्व 23 नंवबर 2015 को भी जगदीशपुर पुल के पास ही पूर्व सांसद श्री यादव के कर्मचारी संजय राय को गोली मार कर अपराधियों ने 12 लाख रुपये लूट लिये थे। सूत्रों की अगर माने तो लूट की इस घटना में शातिर अपराधी केशव सिंह गिरोह का नाम सामने आ रहा है।

पेट्रोल पंप के दोनों कर्मचारियों से पुलिस पूछताछ कर रही है। पूर्व सांसद के कर्मचारी से दूसरी बार लूट की घटना हुई है।सबसे खास बात यह है कि दोनों मामले में घटनास्थल व लूट की प्रकृति भी एक तरह की है। एएसपी ने कहा कि जल्द ही लूट की गुत्थी सुलझा कर अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जायेगा। घटना के बाद जिले के सभी थानों को अलर्ट करते हुए नाकेबंदी कर अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरु कर दी गयी है।

About Author

आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *