नवाज शरीफ जाएँगे सलाखाें के पीछे
पनामागेट मामले में फंसे नवाज शरीफ जेआईटी की रिपोर्ट के बाद बुरी तरह से फंस चुके हैं। वहीं पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ पार्टी लगातार उनके पीछे पड़ी हुई है और उनसे इस्तीफा देने की मांग कर रही है। पीटीआई चेयरमेन इमरान खान का कहना है कि सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद प्रधानमंत्री नवाज शरीफ का अगला ठिकाना अादिला जेल होगा। पार्टी कंवेंशन के दौरान अपने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने यह बात कही। खान ने शरीफ को चेतावनी देते हुए यहां तक कहा कि घोटालों के चलते उन्हें अब जल्द ही जेल की सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा। इस दौरान उन्होंने वर्ष 1999 का भी जिक्र किया जिसमें तत्कालीन जनरल परवेज मुशर्रफ ने उन्हें सत्ता से बेदखल कर देश की बागडोर अपने हाथों में ले ली थी। तब उन्हें पाकिस्तान छोड़कर जेद्दा जाना पड़ा था। इमरान ने कहा कि इस बार वह जेद्दा नहीं बल्कि जेल की सलाखों के पीछे जाएंगे और आदिला जेल उनका अगला ठिकाना होगा।


