शाहिद खाकान अब्बासी पाकिस्तान के नए प्रधानमंत्री
इस्लामाबाद (जेएनएन)।
नवाज शरीफ के इस्तीफा देने के बाद आज मंगलवार को शाहिद खाकान अब्बासी पाकिस्तान के नए प्रधानमंत्री चुन लिए गए हैं। पाकिस्तान के नेशनल असेंबली में प्रधानमंत्री चुनाव में विपक्ष में विवाद के कारण सत्तारूढ़ पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज (पीएमएल एन) के उम्मीदवार खाकान अब्बासी की जीत आसान हो गई थी। सहयोगियों के समर्थन से पीएमएल-एन के पास अनिवार्य 172 की संख्या की तुलना में अधिक सदस्य थे और एक संयुक्त उम्मीदवार को देने में विपक्षी पार्टियों की विफलता से चुनाव में जीत इनके ही पाले में रही।
विपक्ष के नेता सैयद खुर्शीद शाह की अध्यक्षता में हुए ज्वाइंट मीटिंग के दौरान एक संयुक्त उम्मीदवार चुनने में असफल रहे चार विपक्षी पार्टियों के पांच उम्मीदवारों ने अपना नामांकन पत्र भरा था। अब्बासी के खिलाफ नामांकन भरने वालों में पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी के सैय्यद खुर्शीद शाह और सैय्यद नावेद कमर, पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ के उम्मीदवार आवामी मुस्लिम लीग के शेख राशिद अहमद, जमात-ए-इस्लामी के साहिबजादा तारिकुल्ला, और मुताहिदा कौमी मूवमेंट के किश्वर जेहरा थे।
शेख राशिद ने अब्बासी के कागजातों पर आपत्ति जताते हुए कहा कि वे भ्रष्टाचार मामलों में लिप्त हैं लेकिन स्पीकर ने इसे खारिज कर दिया और कहा कि मामले को उचित जगह पर उठाएं। बता दें कि 2015 में एनएबी द्वारा तरलीकृत प्राकृतिक गैस (एलएनजी) आयात के ठेके में हुए भ्रष्टाचार को लेकर दर्ज मामले में पूर्व पेट्रोलियम मंत्री अब्बासी मुख्य आरोपी हैं।


