बिहार भाजपा के बड़े नेता एमएलसी सत्येंद्र कुशवाहा का निधन

{हिमालिनी के लिए मधुरेश प्रियदर्शी की रिपोर्ट}
*पटना {बिहार}*–बिहार प्रदेश भाजपा के बड़े नेता एमएलसी सत्येंद्र कुशवाहा का बुधवार की देर रात निधन हो गया। वे पटना के आईजीआईएमएस में भर्ती थे. बुधवार की रात 1.35 बजे अंतिम सांस ली. 49 वर्षीय श्री कुशवाहा लंबे समय के बीमार चल रहे थे. ब्रेन स्ट्रोक आने के बाद उन्हें करीब एक महीने पहले आईजीआईएमएस में भर्ती कराया गया था.
भाजपा नेता श्री सत्येंद्र कुशवाहा पटना सिटी के रहने वाले थे. वे भाजपा के एमएलसी के साथ ही उत्तर प्रदेश भाजपा के सह प्रभारी भी थे. उनके निधन की खबर मिलते ही बिहार के सियासी गलियारे में शोक की लहर दौड़ गयी.मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कुशवाहा के निधन पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है. सीएम ने अपने शोक संदेश में कहा कि वे एक कुशल राजनेता एवं कर्मठ समाजसेवी थे. उनके निधन से न केवल राजनीतिक बल्कि सामाजिक क्षेत्र में भी अपूरणीय क्षति हुई है.
उनके निधन से बिहार भाजपा के सभी नेता-कार्यकर्ता शोकाकुल हैं.सूबे के डिप्टी सीएम सुशील कुमार मोदी ने उनके निधन पर शोक व्यक्त करते हुए इसे पार्टी के लिए अपूरणीय क्षति बताया है. वहीं प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सांसद नित्यानंद राय ने शोक जताते हुए कहा कि उनके असामयिक निधन से पार्टी ने एक समर्पित संगठनकर्ता एवं बिहार की जनता ने एक कुशल जननेता खो दिया है. कुशवाहा का पार्थिव शरीर आज सुबह 11.30 बजे भाजपा कार्यालय लाया गया. प्रदेश भाजपा मुख्यालय पर पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका अंतिम दर्शन किया. कुशवाहा के निधन के बाद पूरे बिहार से लगातार शोक- संवेदना की खबरें मिल रही है.