Sat. Apr 18th, 2026
English मे देखने के लिए क्लिक करें

रिलिफ सोसाइटी ऑफ कॉमर्स द्वारा बिहारीलाल लाठ कर्मवीर सम्मान–पत्र’ प्रदान

 

वीरगंज, हिमालिनी सम्बददाता । ‘रिलिफ सोसाइटी ऑफ कॉमर्स’ के संस्थापक महासचिव तथा पर्व अध्यक्ष स्व. बिहारीलाल लाठजी की छठी पुण्यतिथि के अवसर पर ‘बिहारीलाल लाठ कर्मवीर सम्मान–पत्र’ प्रदान तथा समाज की उद्यमशील महिलाओं के स्वरोजगार के लिए सिलाई मशीन वितरण कार्यक्रम एक सादे समारोह के रूप में मनाया गया जिसकी अध्यक्षता सोसाइटी के अध्यक्ष श्री अशोक लाठ ने की जबकि मुख्य अतिथि के आसन को वीरगंज महानगर के मेयर श्री विजय सरावगी सुशोभित कर रहे थे । विशिष्ट अतिथि के रूप में ‘हिमालिनी’ हिन्दी मासिक के प्रबंध निदेशक इ.सच्चिदानन्द मिश्र, करसलाहकार श्री सुभाष पाण्डे तथा ज्येष्ठ नागरिक समाज के श्री पशुपति विक्रम शाह ने इस कार्यक्रम में अपनी सहभागिता दी । इस अवसर पर १३ महिलाओं को सिलाई मशीन प्रदान कर उनके स्वावलंबन और आत्मनिर्भरता को प्रोत्साहित किया गया जबकि श्री रामदेव साह सोनार को ‘बिहारीलाल लाठ कर्मवीर सम्मान–पत्र’ प्रदान किया गया । ज्ञातव्य है कि यह सम्मानपत्र सोसाइटी प्रत्येक वर्ष समाज–सेवा में निःस्वार्थ भाव से अपना योगदान देनेवाले व्यक्तित्व को प्रदान करती है । यह उल्लेखनीय है कि वे ८४ वर्ष की उम्र में भी अपने कर्तव्यों के प्रति उदासीन नहीं हैं और उनका सेवाव्रत आज भी निरंतर जारी है । एक आश्चर्य यह है कि औपचारिक शिक्षा इन्होंने कभी नहीं ली लेकिन स्वाध्याय की बदौलत शंकराचार्य से भी शास्त्रार्थ इन्होंने किया है । इसके अतिरिक्त समाज के अंधविश्वास तथा कुरीतियों के विरुद्ध भी इन्होंने अपना संघर्ष जारी रखा । धर्म और सामुदायिक कार्यों में इनकी संलग्नता आज भी है । संप्रति अभी वे अपने गाँव में धर्मशाला निर्माण में संलग्न हैं । इस अवसर पर प्रायः वक्ताओं ने सोसाइटी के कामकाज और उद्देश्यों की सराहना की और इसे एक अनुकरणीय कार्य बतलाया । हिमालिनी के प्रबंध निदेशक श्री मिश्रा ने कहा कि यह तो ऐसा प्रेरणादायक कार्य है जिसका जन–जन में प्रचार होना चाहिए और मैं इस दिशा में काम करूँगा । इस अवसर पर बोलते हुए महानगर के मेयर श्री सरावगी ने कहा कि वास्तव में यह सोसाइटी जिस तरह का काम कर रही है वह महानगरपालिका का काम है लेकिन विगत के २० वर्षों में इसका हाल इतना बदहाल हो गया है कि इस तरह के कार्यों में उसकी भूमिका नगण्य देखी जा रही है । लेकिन उन्होंने यह आश्वासन भी दिया कि निकट भविष्य में वे इस तरह के कार्यों के प्रोत्साहन की दिशा में काम करेंगे ।

यह भी पढें   आज का पंचांग: आज दिनांक 18 अप्रैल 2026 शनिवार शुभसंवत् 2083

About Author

आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *