अमेरिका में हिंदू मंदिर में तोड़-फोड़
१७ गते
अमेरिका में एक हिंदू मंदिर में तोड़-फोड़ किए जाने की घटना सामने आई है. खबर के मुताबिक यहां केंटुकी राज्य के लुइसविले शहर स्थित स्वामीनारायण मंदिर में हिंसा की गई है. पीटीआई ने प्राप्त जानकारी के आधार पर बताया कि रविवार की रात से मंगलवार के बीच हुई हिंसा में मंदिर में भगवान की मूर्ति पर काला पेंट छिड़क दिया गया. स्थानीय अधिकारी इसे नफरत के तहत की गई हिंसा (हेट क्राइम) बता रहे हैं.
स्थानीय मीडिया में आई खबरों के अनुसार, भगवान की मूर्ति पर पेंट छिड़के जाने के अलावा मंदिर की खिड़कियां तोड़ दी गईं, दीवारों पर ईसाई समर्थक संदेश लिखे गए, चित्र बना दिए गए और मुख्य सभा में रखी कुर्सी पर चाकू गोदा गया है. इस घटना से केंटुकी के लुइसविले में रहने वाला भारतीय-अमेरिकी समुदाय सकते में है. अधिकारी मामले को घृणा अपराध मानकर इसकी जांच कर रहे हैं. उधर, घटना की निंदा करते हुए लुइसविले के मेयर ग्रेग फिशर ने शहर के लोगों से ऐसे घृणा अपराधों के खिलाफ खड़े होने की अपील की.

