अब महिलाओं की तरह पुरुष भी सेवन कर सकेंगे गर्भ निराेधी गाेलियाँ
वाशिंगटन, प्रेट्र।

अब वो दिन दूर नहीं जब महिलाओं की तरह पुरुष भी गर्भनिरोधक गोली का सेवन कर सकेंगे। पुरुषों के लिए इसी तरह की एक प्रयोगात्मक गर्भनिरोधक गोली तैयार कर ली गई है। यह गोली सुरक्षा जांच में खरी पाई गई है।
वैज्ञानिकों ने कहा कि प्रतिभागी पुरुषों को एक माह तक रोजाना यह गोली दी गई। इस दवा का उनकी कामवासना पर कोई असर नहीं पाया गया। जन्म नियंत्रण की खातिर पुरुषों के लिए तैयार की गई इस गर्भनिरोधक गोली को 11-बीटा-एमएनटीडीसी नाम दिया गया है। लॉस एंजिलिस बॉयोमेड रिसर्च इंस्टीट्यूट की शोधकर्ता क्रिस्टिना वांग ने कहा, ‘हमारे नतीजों से जाहिर होता है कि यह गोली कामवासना की इच्छा को सुरक्षित करने के साथ शुक्राणु की उत्पत्ति में कमी लाएगी।’
उन्होंने कहा कि यह निष्कर्ष 40 स्वस्थ पुरुषों पर किए गए अध्ययन के आधार पर निकाला गया है। इस दवा का छह पुरुषों में से चार में मामूली दुष्प्रभाव भी देखने को मिला। उन्होंने थकान और सिरदर्द की शिकायत की। पुरुषों के लिए 11-बीटा-एमएनटीडीसी पहली गर्भनिरोधक गोली है। इसका अभी और परीक्षण किया जाएगा।

