पाक के प्रधानमंत्री इमरान खान के कार्यालय में लगी आग
इस्लामाबाद, एजेंसी ।
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान अग्नि दुर्घटना में बाल-बाल बचे। पाकिस्तान के जियो टीवी के मुताबिक यह आग प्रधानमंत्री के कार्यालय में लगी। जिस वक्त आग लगी उस वक्त इमरान अपने दफ्तर में मौजूद थे। प्रधानमंत्री अपने सचिवालय में एक बैठक कर रहे थे।
बताया जा रहा है कि जिस इमारत में आग लगी है, उसके छठवें माले पर पाकिस्तानी प्रधानमंत्री का सचिवालय है। एजेंसी के मुताबिक यह आग पांचवें तल पर लगी, लेकिन आग इतनी भयानक थी कि देखते ही देखते आग की लपटों ने छठें तल को भी अपनी जद में ले लिया। अभी तक आग लगने के कारण का पता नहीं चल सका है। इस बाबत इमरान खान या सरकार की भी कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।
अभी तक यह भी जानकारी नहीं मिल सकी है इस आग से कितना नुकसान हुआ है। अभी तक सरकार की ओर से कोई बयान सामने नहीं आया है। बयान आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि जान-माल की कितना क्षति हुई है। इमारत के छठवें माले पर भारी फोर्स तैनात है। घटनस्थल पर अग्निशमन दल की गाड़ियां और राहतकर्मी मौजूद हैं।


