Sun. Nov 1st, 2026
English मे देखने के लिए क्लिक करें

Box Office: इस बुधवार से Kalank, पहले दिन इतने करोड़ की कमाई का अनुमान

 


मुंबई: करण जौहर ‘लार्जर देन लाइफ’ फिल्में बनाते हैं। सितारों की फौज़ खड़ी कर देते हैं लेकिन हिस्टॉरिक या पीरियड ड्रामा बनाने में उनकी दिलचस्पी नहीं रही थी। हालांकि अब वो तैयार हैं आज़ादी और बंटवारे से पहले की एक कहानी लेकर जिसका नाम है कलंक। इस बुधवार को रिलीज़ हो रही कलंक को लेकर बड़ा बज़ बना है।

आने वाले शुक्रवार को कोई फिल्म रिलीज़ नहीं होगी लेकिन कमाई के खिलाड़ी करण ने अपनी फिल्म को बुधवार यानि 17 अप्रैल को रिलीज़ करने का फैसला किया है। उस दिन महावीर जयंती है और शुक्रवार 19 अप्रैल को गुड फ्राइडे। दो छुट्टियां यानि पांच दिनों का बड़ा वीकेंड। अभिषेक वर्मन के निर्देशन में बनी कलंक, कहानी है 1945 के आसपास की है l एक रियासत में अपने सम्मान और रुतबे के लिए जंग, रिश्तों के बीच का जबरदस्त द्वन्द और हिन्दू-मुस्लिम एंगल के साथ अमर प्रेम की गाथा l फिल्म में संजय दत्त, बलराज चौधरी के रोल में हैं तो माधुरी दीक्षित, बहार बेगम के l वरुण धवन ज़फर, अलिया भट्ट रूप, आदित्य रॉय कपूर देव चौधरी और सोनाक्षी सिन्हा सत्य चौधरी के रोल में होंगी।

यह भी पढें   जनकपुर में सजेगी सुरों की महफिल, विजया भारती और भव्य राज देंगे प्रस्तुति

फिल्म में ज़फर और रूप के प्यार को दिखाया गया है और देव चौधरी यानि आदित्य रॉय कपूर से रूप यानि आलिया भट्ट की शादी भी l जबकि सत्य चौधरी यानि सोनाक्षी की आदित्य के साथ शादी हुई है। कहानी में संजय दत्त और माधुरी दीक्षित का भी अपना एंगल है जो 21 साल बाद फिर से साथ आ रहे हैं। इस फिल्म का स्क्रीनप्ले भी अभिषेक बर्मन ने ही लिखा है l

करण जौहर के पिता यश जौहर ने लगभग 15 साल पहले इस फिल्म की परिकल्पना की थी, जिसे अब जाकर करण जौहर फिल्म का रूप दे रहे हैं। लेकिन 15 साल पहले जब करण के पिता यश जौहर ने इस फिल्म को बनाने का फैसला किया था तब ये इस हाल में नहीं थी। इस फिल्म को तब करण जौहर ख़ुद डायरेक्ट करने वाले थे। फिल्म में पहले शाहरुख़ खान, रानी मुखर्जी और काजोल को कास्ट किया जाना था। साथ में अजय देवगन भी शामिल थे। रियासतों और रिश्तों की इस कहानी में हिन्दू-मुस्लिम वाला एंगल भी तब से ही शामिल रहा है। साल 2004 में इस फिल्म की शूटिंग करना तय हो गया था लेकिन इससे पहले शूटिंग शुरू होती यश जौहर का निधन हो गया और उसके बाद करण ने इस कहानी को बस्ते में डाल दिया।

फिल्म के ट्रेलर से इस फिल्म के ग्रैंड होने का पता चलता है। फिल्म के गाने भी हिट हुए हैं, जिसमें कियारा आडवाणी और कृति सनोन का आइटम सॉन्ग भी शामिल है। करीब दो घंटे 48 मिनिट की इस फिल्म को सेंसर बोर्ड ने यू/ए सर्टिफिकेट के साथ पास किया है। फिल्म को बनाने में बिना प्रचार के करीब 85 करोड़ रूपये की लागत आई है। जानकारी के मुताबिक कलंक को देश में करीब 3500 और ओवरसीज में 1200 स्क्रीन्स में रिलीज़ किया जाएगा। ट्रेड सर्किल के मुताबिक फिल्म को पहले दिन 23 से 25 करोड़ रूपये का कलेक्शन मिल सकता है। बड़ा वीकेंड है, जिसमें 100 से अधिक की कमाई का अनुमान है।

About Author

आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com