एसिड अटैक पीड़िताओं की जिंदगी की झलक छपाक में, दीपिका ने जीवन्त किया किरदार
दीपिका पादुकोण ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट से अपनी फिल्म छपाक के कई नए पोस्टर शेयर किए हैं। इसमें दीपिका का लुक बेहद ताकतवर है और एसिड अटैक पीड़िताओं की जिंदगी का दर्द बयां कर रहा है। एक पोस्टर में दीपिका पादुकोण अपना चेहरा सफेद दुपट्टे से ढंके हैं और उनकी आंखों में छिपा दर्द उन पर हुए जुल्म की पूरी कहानी कह देता है। दो दूसरे पोस्टर में वह खुले आसमान को निहार रही हैं और उनके चेहरे पर मुस्कान है। दूसरी तस्वीर में उनकी आंखों में गजब की चमक नजर आती है।
आज छपाक का ट्रेलर आया है और उनकी खूब तारीफ हो रही है। सोशल मीडिया खासकर ट्विटर पर छपाक का ट्रेलर टॉप ट्रेंड में था। वहीं दीपिका के रोल और एक्टिंग की भी खूब तारीफ हो रही है। यह फिल्म लक्ष्मी अग्रवाल नाम की एक एसिड सर्वाइवर की असली जिंदगी पर आधारित है। फिल्म की डायरेक्टर मेघना गुलज़ार ने लक्ष्मी अग्रवाल के उसी दर्द और लड़ाई को पर्दे पर पिरोया है। फिल्म 10 जनवरी 2020 को रिलीज़ होगी। कहानी में इतना दर्द है कि आज ट्रेलर रिलीज के दौरान दीपिका पादुकोण रो पड़ीं। 2 मिनट 19 सेकेंड का ये ट्रेलर आपको भावुक कर देता है। आपके रोंगटे खड़े हो जाते हैं। दीपिका की एक्टिंग, लुक, डायलॉग और एसिड सर्वाइवर वाली कहनी आपको अंदर से हिला देगी।

