रुस में बडा विमान हादसा टला सभी यात्री सुरक्षित
मॉस्को, एएफपी।
रूस में एक बड़ा विमान हादसा टल गया। रविवार को उतरते समय विमान के लैंडिंग गियर में खराबी आने के कारण विमान पेट के बल काफी दूर तक घसीटता चला गया। विमान में चालक दल के सदस्य समेत 100 लोग सवार थे। सभी सुरक्षित हैं और किसी को गंभीर चोट तक नहीं लगी है।
उटएयर एयरलाइन ने बताया कि उसका बोइंग विमान उत्तरी कोमी क्षेत्र में उसिंस्क एयरपोर्ट पर उतरते समय चक्रवात में फंस गया। विमान हवाई पट्टी पर पहुंच गया था, कि अचानक उसके लैंडिंग गियर ने काम करना बंद कर दिया। बर्फ से ढकी हवाई पट्टी पर विमान घिसटते हुए आगे बढ़ा। लेकिन पायलटों ने अपनी सूझबूझ से विमान को हवाई पट्टी से बाहर नहीं जाने दिया।
एयरलाइन ने चालकों की सराहना की है। उसके मुताबिक मुख्य पायलट को लगभग सात हजार घंटे उड़ान का अनुभव था। विमान में 94 यात्री और चालक दल के छह सदस्य सवार थे। किसी को गंभीर चोट नहीं है। एक यात्री को मामूली चोट लगी है। यात्रियों को इमरजेंसी गेट से बाहर निकाला गया।

