दबंग 2 : रिलीज के पहले ही हो गई कमाई
दबंग 2 फिल्म रिलीज के पहले ही इसके निर्माताओं के लिए फायदेमंद हो गई। अरबाज खान द्वारा निर्मित और निर्देशित इस फिल्म ने रिलीज के पहले ही 47 करोड़ का मुनाफा कमा लिया है।

सूत्रों के मुताबिक दबंग 2 की लागत 45 करोड़ रुपये के आसपास है। इसमें सलमान खान की फीस शामिल नहीं है। 15 करोड़ रुपये प्रमोशन पर खर्च किए गए है, जिससे फिल्म की लागत 60 करोड़ तक जा पहुंचती है।
फिल्म के सैटेलाइट्स राइट्स 47 करोड़ में बेचे गए हैं। ऑडियो और दूसरे राइट्स के बदले 15 करोड़ रुपये मिले। ओवरसीज के अलावा भारत में भी कई क्षेत्रों में यह फिल्म वितरकों को बेची गई है, जिसके बदले में उन्हें 45 करोड़ रुपये मिले हैं। इन सबका जोड़ होता है 107 करोड़ रुपये। यानी कि कुल 47 करोड़ रुपये फिल्म का मुनाफा होता है।

मुंबई, दिल्ली, यूपी, पंजाब, सीआई, सीपी बरार और राजस्थान के राइट्स फिल्म के निर्माताओं ने अपने पास रखे हैं। इन क्षेत्रों से जो कमाई होगी वो सीधे निर्माताओं के पास जाएगी।

जहां तक सलमान खान की फीस का सवाल है, तो कहा जा रहा है कि फिल्म के सफल होने के बाद उन्हें पचास से साठ करोड़ रुपये तक दिए जा सकते हैं।

