मुझे प्यार हो गया, पूछो किससे ? : करुणा श्री
परिवर्तन : करुणा श्री
मुझे प्यार हो गया, पूछो किससे?
बारिश में बेबाक उछलती जमुना और शकुन्तला से
बेख़ौफ़ देर रात घर लौटती मेनुका और चंद्रिका से
निर्भिक अपने तर्क परोसतीं शीला और अहिल्या से
स्वयं अपने निर्णय लेतीं मुना और कौशल्या से
उन्हें देख भावविभोर होते घर के बुजुर्गों से
मुझे प्यार हो गया, पूछो किससे?
बाप बेटी की दिल्लगी से
भाई बहन की अठखेलियों से
पिता का हाथ थाम विद्यालय जाती बच्चियों से
चूल्हे में पिता का हाथ बटाते बेटों से
बेटी की स्कूटर पर बैठ ऑफिस जाते पापा से
मुझे प्यार हो गया, पूछो किससे?
राख होते पुराने दकियानूसी विचारों से
धराशाही होते समाज के ढकोसलों से
विलीन होते हमारे कुसंस्कारों से
बढ़ते आपसी समझदारी और अपनेपन से
परिवर्तन की दीप जलाते आज की सचेत नयी पीढ़ी से
मुझे प्यार हो गया, पूछो किससे?
2 जुलाई, 2021



