लॉकडाउन के दौरान आपको क्या करना चाहिए, क्या नहीं ? : प्रियंका पेड़ीवाल अग्रवाल
प्रियंका पेड़ीवाल अग्रवाल, बिराटनगर,११ अप्रैल २०२० | लॉकडाउन के बारे में पहले से ज्यादा जानकारी नहीं होने से कुछ लोग घबरा रहे हैं. खासकर इसकी कर्फ्यू से तुलना करने पर उनमें डर है. लेकिन, इससे आपको घबराने की जरूरत नहीं है. आइए इसके बारे में विस्तार से जानते हैं.
क्या होता है लॉकडाउन ?
1. लॉकडाउन का अर्थ है तालाबंदी.
2. लॉकडाउन एक आपातकालीन व्यवस्था है जो किसी आपदा या महामारी के वक्त लागू की जाती है.
3. जिस इलाके में लॉकडाउन किया गया है उस क्षेत्र के लोगों को घरों से बाहर निकलने की अनुमति नहीं होती है.
4. उन्हें सिर्फ दवा और खाने-पीने जैसी जरूरी चीजों की खरीदारी के लिए ही बाहर आने की इजाजत मिलती है, इस दौरान वे बैंक से पैसे निकालने भी जा सकते हैं.
5. जिस तरह किसी संस्थान या फैक्ट्री को बंद किया जाता है और वहां तालाबंदी हो जाती है उसी तरह लॉक डाउन का अर्थ है कि आप अनावश्यक कार्य के लिए सड़कों पर ना निकलें.
6. लॉकडाउन जनता की सहूलियत और सुरक्षा के लिए किया जाता है.
7. सभी प्राइवेट और कॉन्ट्रेक्ट वाले दफ्तर बंद रहते हैं, सरकारी दफ्तर जो जरूरी श्रेणी में नहीं आते, वो भी बंद रहते हैं |
क्या लॉकडाउन में नौकरी करने नहीं जायें ?
लॉकडाउन के दौरान निजी कंपनियों को कर्मचारियों से घर से काम कराने के निर्देश दिए गए हैं. दिहाड़ी मजदूरों को केंद्र और राज्य सरकार ने अपनी तरफ से आर्थिक सहायता देने की बात की है. सरकार ने यह भी आदेश दिया है कि कंपनियां लॉकडाउन की अवधि की सैलरी नहीं काट सकतीं.
क्या कुछ हफ्ते का राशन जुटा कर रख लेना चाहिए ?
लॉकडाउन से आपको डरने की जरूरत नहीं है. आपको बहुत सा सामान खरीदकर रखने की भी जरूरत नहीं है. सरकार ने रोज काम आनेवाली चीजों या उन्हें बेचने वाले दुकान को बंद नहीं किया है. ट्रांसपोर्ट पर पाबंदी की वजह से आपको दुकान पर स्टॉक में कमी जैसी दिक्कत हो सकती है, इसलिए सिर्फ जरूरत के हिसाब से ही सामान खरीदें।
शिक्षण संस्थान बंद:
सभी स्कूल, शैक्षणिक संस्थाएं और कोचिंग बंद रहेंगी।
नियम के मुताबिक बिना पास सड़कों वाहन नहीं चल पाएंगे. लोग अति आवश्यक कार्य होने पर ही सड़कों पर निकल सकेंगे.
सामान की होम डिलीवरी
ई-कॉमर्स के जरिये खाने पीने की वस्तुओं, दवाओं, मेडिकल उपकरण की होम डिलीवरी जारी रहेगी। मतलब आप वेबसाइट पर ऑर्डर करके ये सामान घर पर मंगा पाएंगे।
किन देशों में है लॉकडाउन ?
चीन, डेनमार्क, अल सलवाडोर, फ्रांस, आयरलैंड, इटली, न्यूजीलैंड, पोलैंड और स्पेन में लॉकडाउन जैसी स्थिति है। चूंकि चीन में ही सबसे पहले कोरोनावायरस संक्रमण का मामला सामने आया था, इसलिए सबसे पहले वहां लॉकडाउन किया गया। इटली में मामला गंभीर होने के बाद वहां के प्रधानमंत्री ने पूरे देश को लॉकडाउन कर दिया। उसके बाद स्पेन और फ्रांस ने भी कोरोना संक्रमण रोकने के लिए यही कदम उठाया।
कब-कब हुआ लॉकडाउन ?
1. 19 अप्रैल, 2013 को बोस्टन शहर को आतंकियों की खोज के लिए लॉकडाउन कर दिया गया था।
2. दिसंबर 2005 में न्यू साउथ वेल्स पुलिस फोर्स ने दंगा रोकने के लिए लॉकडाउन किया था।
3. अमेरिका में 9/11 के आतंकी हमले के बाद वहां तीन दिन का लॉकडाउन किया गया था।


