Tue. Jul 21st, 2026
English मे देखने के लिए क्लिक करें

अमेरिका में बढ़ रही है गरीबी : रिपोर्ट

 

अमेरिका में गरीबी बढ़ रहीं है। हालांकि गरीबी की बढ़ती दर का असर फिलहाल वहां रह रहे एशियाई मूल के लोगों पर नहीं है। एक रिपोर्ट के अनुसार 2009 के मुकाबले 2010 में गरीबी दर में हुई वृद्धि का एशियाइयों पर असर नहीं पड़ा है। गरीबी में वृद्धि के असर से मुक्त रहने वालों में भारतीय मूल के अमेरिकी नागरिक भी शामिल हैं। जबकि नस्लीय एवं जातीय समूहों में गरीबी दर में लगातार चौथे साल वृद्धि हुई है।

6 में से एक अमेरिकी गरीबी रेखा से नीचे
अमेरिकी जनगणना ब्यूरो द्वारा मंगलवार को जारी एक रिपोर्ट के अनुसार, 4.62 करोड़ अमेरिकी, (लगभग छह में से एक अमेरिकी) 2010 में गरीबी में जी रहे थे। जबकि 2009 में गरीबी रेखा के नीचे जीवन यापन करने वाले अमेरिकियों की संख्या 4.36 करोड़ थी। गरीबी रेखा के नीचे जीवन यापन करने वाले अमेरिकियों की यह संख्या 52 वर्षों में सर्वाधिक ऊंची है।

यह भी पढें   काठमांडू का माइतीघर क्षेत्र जलमग्न

एशियाइयों में गरीबी का स्तर 12.1 प्रतिशत
एशियाइयों में गरीबी का स्तर जहां 12.1 प्रतिशत पर बना रहा, वहीं हिस्पैनिक्स में गरीबी का स्तर बढ़कर 26.6 प्रतिशत हो गया है, अश्वेतों में गरीबी का स्तर बढ़कर 27.4 प्रतिशत हो गया है और श्वेतों में यह स्तर बढ़कर 9.9 प्रतिशत पर पहुंच गया है। मध्यवर्गीय अमेरिकी परिवारों की वार्षिक आय भी 1996 के बाद सबसे निचले स्तर पर आकर 2010 में 49,445 डॉलर हो गई। यानी आय में 2.3 प्रतिशत की गिरावट आई है। लेकिन एशियाइयों पर यह रुझान लागू नहीं होता है।

रिपोर्ट से अमेरिकी अर्थव्यवस्था की संघर्षपूर्ण स्थिति जाहिर
एशियाई मध्यवर्गीय परिवार 64,308 डॉलर की वार्षिक आय के साथ शीर्ष आय वालों में शुमार थे, उसके बाद 54,620 डॉलर की आमदनी के साथ गैर हिस्पैनिक श्वेत दूसरे स्थान पर हैं। इसके बाद 37,759 डॉलर की आमदनी के साथ हिस्पैनिक तीसरे स्थान पर तथा 32,068 डॉलर की आमदनी के साथ अश्वेत सबसे निचले पायदान पर रहे। यह रुझान अमेरिकी अर्थव्यवस्था की संघर्षपूर्ण स्थिति को जाहिर करता है।

यह भी पढें   आज का पंचांग: आज दिनांक 20 जुलाई 2026 सोमवार शुभसंवत् 2083

2012 के चुनाव में बेरोजगारी प्रमुख मुद्दा
अमेरिकी अर्थव्यवस्था में पिछले दो वर्षों से बेरोजगारी लगभग नौ प्रतिशत के आसपास बनी हुई है और यह 2012 के चुनाव में एक प्रमुख मुद्दा होगा। देश की आधिकारिक गरीबी दर 2009 के 14.3 प्रतिशत के मुकाबले बढ़कर 2010 में 15.1 प्रतिशत हो गई है। पिछले तीन वर्षों में गरीबी दर ज्यादा तेजी के साथ बढ़ी है। जबकि इसके पहले, 1980 के दशक के प्रारंभ तक की अन्य तीन वर्षीय अवधियों के दौरान गरीबी दर में वृद्धि की रफ्तार इतनी तेज नहीं थी।

यह भी पढें   संसदीय सुनवाई समिति की बैठक आज

महिलाओं की स्थिति अधिक खराब
रिपोर्ट के अनुसार, रिकार्ड संख्या में महिलाएं गरीबी में और अति गरीबी में जीवन जी रही हैं। महिलाओं में गरीबी दर 2009 के 13.9 प्रतिशत के मुकाबले 2010 में 14.5 प्रतिशत हो गई। पिछले 17 वर्षों में यह सबसे ऊंची दर है। अमेरिका सरकार ने इस वर्ष गरीबी को परिभाषित करने वाले आमदनी स्तर का पुनर्निर्धारण किया है।

इसके अनुसार चार सदस्यीय परिवार के लिए वार्षिक आमदनी 22,314 डॉलर तय की गई है और एक सदस्यीय परिवार के लिए वार्षिक आमदनी 11,139 डॉलर निर्धारित की गई है। स्वास्थ्य बीमा विहीन लोगों का प्रतिशत अमेरिका की कुल 31 करोड़ आबादी का 16.3 प्रतिशत बना हुआ है।

About Author

आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *