जुलाई तक में भारत के 18-19 फीसदी आबादी को वैक्सीन लगाए जाने की योजना
दुनियाभर में कोरोना महामारी संकट के बीच लोगों की बस यही चाहत है कि जल्द से जल्द इसकी कारगर और सुरक्षित वैक्सीन आए। अमेरिका, ब्राजील और ब्रिटेन जैसे देशों की तरह भारत भी इस महामारी से बुरी तरह प्रभावित है। कोरोना की वैक्सीन को लेकर भारत भी कामयाबी के काफी करीब है। हर कोई यह जानना चाहता है कि वैक्सीन कबतक उपलब्ध होगी, उपलब्ध होने पर पहले किन्हें मिलेगी और आखिर उन्हें कबतक लगाई जाएगी। इन तमाम सवालों को लेकर भारत के केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने सरकार के प्रयासों और टीकाकरण को लेकर योजना की रूपरेखा पर स्थिति स्पष्ट की है। उनके मुताबिक जुलाई तक देश की करीब 18-19 फीसदी आबादी को वैक्सीन लगाए जाने की योजना है।
कोरोना को लेकर अपने साप्ताहिक कार्यक्रम संडे संवाद के दौरान डॉ. हर्षवर्धन ने कहा कि सरकार का लक्ष्य जुलाई 2021 तक देश के 25 करोड़ लोगों को कोरोना की वैक्सीन लगाए जाने का है। उन्होंने कहा कि सरकार वैक्सीन की 40 से 50 करोड़ खुराक उपलब्ध कराने का प्रयास कर रही है जिसके लिए अभी से योजना बनाई जा रही है।

