Tue. Sep 8th, 2026
English मे देखने के लिए क्लिक करें

मशहूर अभिनेता रजनीकांत अस्पताल में भर्ती

 

हैदराबाद।

मशहूर अभिनेता रजनीकांत को रक्तचाप में उतार-चढ़ाव के कारण शुक्रवार को यहां अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल ने एक बयान में यह जानकारी दी।

अभिनेता पिछले 10 दिन से हैदराबाद में एक फिल्म की शूटिंग कर रहे थे। सेट पर कुछ लोगों के कोविड-19 से संक्रमित होने के बाद वे क्वारंटाइन में चले गए थे। हालांकि 70 वर्षीय अभिनेता में संक्रमण की पुष्टि नहीं हुई।

अपोलो अस्पताल ने एक बयान में कहा कि रजनीकांत को आज सुबह अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालांकि उनमें कोविड-19 के कोई लक्षण नहीं हैं। उनका रक्तचाप घट-बढ़ रहा है और इस पर नजर रखने की जरूरत है, इसलिए उन्हें अस्पताल में भर्ती रहना होगा।

यह भी पढें   राष्ट्रपति पौडेल ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का किया अवलोकन

बयान में कहा गया कि उनकी जांच की जाएगी और रक्तचाप सामान्य होने तक उनकी निगरानी की जाएगी। ठीक होने के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी जाएगी। बयान के अनुसार रक्तचाप में उतार-चढ़ाव और थकान के अलावा उन्हें किसी तरह की दिक्कत नहीं है।
इस बीच तेलुगू देशम पार्टी (तेदेपा) के प्रमुख और आंध्रप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने अभिनेता के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की है। उन्होंने ट्वीट किया कि आज अस्पताल में भर्ती किए जाने की खबरों को सुनने के बाद मैं सुपरस्टार रजनीकांत के बारे में चिंतित हूं। मैं उनके जल्द स्वस्थ होने और अच्छे स्वास्थ्य की कामना करता हूं।

About Author

आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com