सिख धर्म के दसवें गुरु गोविंद सिंह जी की आज जयंती
सिख धर्म के दसवें गुरु गोविंद सिंह जी की आज जयंती है। सिख समुदाय के धर्मावलंबी गुरु गोबिंद सिंह के जन्मदिन को प्रकाश पर्व के रुप में उत्साह से मनाते हैं। साथ ही इस दिन एक दूसरे का बधाई संदेश और शुभकामनाएं भी देते हैं। सिख समुदाय के लोग सुबह-सुबह इसी दिन प्रभात फेरी निकालते हैं, गुरुद्वारों की साफसफाई करने के साथ घरों व गुरुद्वारे में रोशनी होती है। हर शहर में गुरुद्वारे में अरदास, भजन, कीर्तन के बाद लंगर का भी आयोजन होता है।गुरु गोबिंद सिंह जी का जन्म बिहार की राजधानी पटना में हुआ था. उनका जीवन परोपकार और त्याग का जीता जागता उदाहरण है. गुरु गोविंद ने अपने अनुयायियों को मानवता को शांति, प्रेम, करुणा, एकता और समानता की पढ़ाई.गुरु गोविंद सिंह का जन्म नौवें सिख गुरु गुरु तेगबहादुर और माता गुजरी के घर पटना में 22 दिसंबर 1666 को हुआ था। जब वह पैदा हुए थे उस समय उनके पिता असम में धर्म उपदेश को गये थे। उनके बचपन का नाम गोविन्द राय था। पटना में जिस घर में उनका जन्म हुआ था और जिसमें उन्होने अपने प्रथम चार वर्ष बिताये थे, वहीं पर अब तखत श्री पटना साहिब स्थित है।
गुरु गोविंद सिंह जहां विश्व की बलिदानी परम्परा में अद्वितीय थे, वहीं वे स्वयं एक महान लेखक, मौलिक चिंतक तथा संस्कृत सहित कई भाषाओं के ज्ञाता भी थे। उन्होंने स्वयं कई ग्रंथों की रचना की। वे विद्वानों के संरक्षक थे। उनके दरबार में ५२ कवियों तथा लेखकों की उपस्थिति रहती थी, इसीलिए उन्हें ‘संत सिपाही’ भी कहा जाता था। वे भक्ति तथा शक्ति के अद्वितीय संगम थे।
उन्होंने सदा प्रेम, एकता, भाईचारे का संदेश दिया। किसी ने गुरुजी का अहित करने की कोशिश भी की तो उन्होंने अपनी सहनशीलता, मधुरता, सौम्यता से उसे परास्त कर दिया। गुरुजी की मान्यता थी कि मनुष्य को किसी को डराना भी नहीं चाहिए और न किसी से डरना चाहिए। वे अपनी वाणी में उपदेश देते हैं भै काहू को देत नहि, नहि भय मानत आन। वे बाल्यकाल से ही सरल, सहज, भक्ति-भाव वाले कर्मयोगी थे। उनकी वाणी में मधुरता, सादगी, सौजन्यता एवं वैराग्य की भावना कूट-कूटकर भरी थी। उनके जीवन का प्रथम दर्शन ही था कि धर्म का मार्ग सत्य का मार्ग है और सत्य की सदैव विजय होती है।


