वित्त मंत्री की हार के बाद पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान आज करेंगे जनता को सम्बोधन
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान गुरुवार की शाम पाकिस्तान को संबोधित करने वाले हैं. माना जा रहा है कि इस दौरान वो कोई बड़ी घोषणा कर सकते हैं. मौजूदा समय में इमरान खान चारों तरफ से संकटों से घिरे हुए हैं. उनके वित्त मंत्री हफीज शेख को सीनेट चुनाव में हार का सामना करना पड़ा है. वहीं पाकिस्तान का विपक्ष उनसे इस्तीफे की मांग कर रहा है. खबरों की मानें तो पाकिस्तान की सेना इमरान सरकार से नाखुश होने के बाद किनारा कर चुकी है, इसी वजह से शेख को चुनाव में हार झेलनी पड़ी.
पाकिस्तानी मीडिया के मुताबिक इमरान खान ने गुरुवार को आर्मी चीफ जनरल कमर जावेद बाजवा और आईएसआई चीफ जनरल फैज हमीद से मुलाकात की. सरकार और सेना के बीच अनबन को लेकर इमरान खान की ये मुलाकात अहम मानी जा रही है. स्थानीय समयानुसार गुरुवार शाम 7:30 बजे वो पाकिस्तान की जनता को संबोधित करेंगे. खबरों की मानें तो अपने संबोधन में वो विपक्ष पर हमलावर हो सकते हैं.
साजिद संजरानी होंगे पीटीआई के उम्मीदवार
इमरान खान पाकिस्तान सीनेट के मौजूदा अध्यक्ष साजिद संजरानी को एक बार फिर सीनेट चेयरमैन के लिए पीटीआई के उम्मीदवार के रूप में नामित कर चुके हैं. चुनाव में उनका सामना विपक्षी दलों के गठबंधन के उम्मीदवार से होगा. पाकिस्तान के सूचना एवं प्रसारण मंत्री शिबली फराज ने गुरुवार को ट्वीटर पर इसकी जानकारी दी.
वित्त मंत्री की हार से हुई सरकार की बेइज्जती
सीनेट के चुनाव में वित्त मंत्री को मिली हार इमरान सरकार के लिए बड़ा झटका है. इससे सरकार की साख को भी चोट पहुंची है. हफीज शेख को इमरान खान ने व्यक्तिगत रूप से अपना समर्थन दिया था और उनके लिए प्रचार किया था. अब उनकी हार के बाद इमरान खान की भी किरकिरी हो रही है.
खबरों की मानें तो पाकिस्तानी सेना और इमरान सरकार के बीच स्थितियां तनावपूर्ण हो चुकी हैं. सेना ने सरकार को समर्थन जारी रखने से इनकार कर दिया है. बीते दिनों पाक आर्मी चीफ के कहने पर सीपीईसी के चेयरमैन और पूर्व लेफ्टिनेंट जनरल असीम बाजवा ने भ्रष्टाचार के आरोपों के बाद इस्तीफा दे दिया था. खबरों की मानें तो सेना जल्द ही जनरलों को सरकारी पदों से हटा सकती है. फिलहाल सभी की नजरों इमरान खान के संबोधन पर टिकी हुई हैं

