जब तक मधेस को स्वशासन का अधिकार नहीं मिलेगा, तब तक आंदोलन जारी रहेगाः ठाकुर

वीरगंज, २० सितम्बर । लोकतान्त्रिक समाजवादी पार्टी नेपाल (लोसपा) के अध्यक्ष महन्थ ठाकुर ने कहा है कि जब तक मधेश को स्वशासन का अधिकार नहीं मिलेगा, तब तक आन्दोलन जारी रहेगा । उनका कहना है कि संविधान संशोधन मार्फत मधेशी जनता को अधिकार सम्पन्न बनाना चाहिए, मधेश को स्वशासन का अधिकार मिलना चाहिए । आइतबार पर्सा जिला पकहामैनपुर गांवपालिका में शहीद शुत्रधन पटेल की छठे स्मृति दिवस पर आयोजित कार्यक्रम को सम्बोधन करते हुए उन्होंने ऐसा कहा है ।
कार्यक्रम को सम्बोधन करते हुए अध्यक्ष ठाकुर ने कहा– ‘मधेश को स्वशासन मिलना चाहिए, संविधान ने ऐसा अधिकार नहीं दिया है । जब तक मधेशी जनता को अधिकार सम्पन्न नहीं बनाया जाएगा, तब तक आन्दोलन जारी रहेगा और संविधान संशोधन ही हमारे लिए प्रथम प्राथमिकता है ।’ उन्होंने यह भी कहा है कि मधेश आन्दोलन के दौरान नेता–कार्यकर्ताओं के ऊपर सरकार ने मुद्दा पंजीकृत कर विभेद किया है । उन्होंने आगे कहा– ‘नेपाल में माओवादी–जनयुद्ध हुआ, हजारों नागरिक मारे गए । क्या आप लोग बता सकते हैं– क्यों उनमें से कोई आज जेल में नहीं है ? लेकिन मधेश आन्दोलन शान्तिपूर्ण रहा, तब भी नेता–कार्यकर्ताओं के ऊपर कारवाही की गई, वे लोग आज तक जेल में क्यों है ? ऐसा क्यों ?’
अध्यक्ष ठाकुर ने कहा कि टीकापुर और जलेश्वर घटना की अनुसन्धान और कारबाही बदला की भावना से प्रेरित होकर किया गया है । उन्होंने यह भी कहा कि तीन साल से नागरिकता संबंधी विधेयक पंजीकृत है, लेकिन उसको संसद् पेश कर पारित करने के बदले उलझा कर रखा गया है । उनका मानना है कि यह भी एक विभेद है । उन्होंने कहा कि न्यायालय की ओर से भी मधेशी की ऊपर विभेद किया जाता है ।

