लॉरेंस बिश्नोई गैंग का कुख्यात शूटर जयप्रकाश उर्फ कृष्ण कुमार , उर्फ जेपी जोगबनी से गिरफ्तार।

हिमालीनी प्रतिनिधि कोशी प्रदेश सीमा क्षेत्र ।
जोगबनी पुलिस ने राजस्थान के मोस्ट वांटेड एवं लॉरेंस बिश्नोई ग्रुप का कुख्यात शूटर कृष्ण कुमार उर्फ जयप्रकाश को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने सीमा से सटे जोगबनी रेलवे स्टेशन जाने वाले सड़क के पास स्थित एटीएम सेंटर के पास से संदिग्ध हालत में गिरफ्तार किया गया । हालांकि जोगबनी पुलिस ने शुरुआती दौर में एटीएम फ्रॉड को लेकर शंका के आधार पर उसे हिरासत में ले जोगबनी थाना पहुंची। जहां पूछताछ के दौरान युवक के राजस्थान के लॉरेंस बिश्नोई ग्रुप के कुख्यात शूटर के रूप में पहचान की गई।
हिरासत में लिए गए कृष्ण कुमार से सख्त पूछताछ जारी है ।
लॉरेंस विश्नोई ग्रुप राजस्थान का बड़ा आपराधिक ग्रुप
गिरफ्तार कृष्ण कुमार उर्फ जयप्रकाश राजस्थान के बीकानेर में एक होटल से जुड़े फिरौती मामले में मोस्ट वांटेड होने की बात सामने आ रही है । रिमांड होम से भागकर वह नेपाल के विराटनगर में पहचान को छिपाकर छिपकर रहने की बात कही जा रही है। लॉरेंस विश्नोई ग्रुप राजस्थान का एक बड़ा आपराधिक ग्रुप है। इस ग्रुप के सदस्यों के खिलाफ राजस्थान में कई मामले दर्ज़ हैं।
गिरफ्तार आरोपी कृष्ण कुमार उर्फ जयप्रकाश के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार लॉरेंश विश्नोई ग्रुप का आरोपी कृष्ण कुमार उर्फ जय प्रकाश पिता शांता राम राजस्थान के बिकानेर के जवाहर सर्किल थाना का निवासी है। नाम बदलकर आपराधिक वारदातों के लिए यह जाना जाता है। एक वर्ष पहले 2023 में बीकानेर के एक होटल में फिरौती मामले में गिरफ्तार किया गया था।
फेक आईडी के सहारे विराटनगर में रह रहा था कृष्ण कुमार
मामले में होटल में ग्रुप के सदस्यों की ओर से एक से अधिक राउंड की फायरिंग की गई थी। गिरफ्तारी के बाद इसे बीकानेर के रिमांड होम में रखा गया था। लेकिन रिमांड होम से खिड़की तोड़ कर वह फरार हो गया था और राजस्थान पुलिस उनकी तलाश में जुटी थी। नेपाल के कोशी प्रदेश संख्या एक के विराटनगर में फेक भारतीय आईडी के सहारे नाम बदल कर रह रहा था।
साइबर अपराध का भी मास्टमाइंड है कृष्ण कुमार
कृष्ण कुमार उर्फ जयप्रकाश साइबर अपराध का मास्टरमाइंड बताया जाता है। नेपाल में रह कर अररिया, सुपौल सहित अन्य सीमावर्ती जिले में एटीएम फ्रॉड करने का आरोप इसके ऊपर है। गुरुवार को जोगबनी पुलिस ने नाटकीय ढंग से जोगबनी रेलवे स्टेशन के पास एटीएम सेंटर के पास से गिरफ्तार किया। लॉरेंस बिश्नोई ग्रुप से ताल्लुकात होने के बाद जोगबनी पुलिस उसे लेकर अररिया पहुंची, जहां पुलिस के वरीय अधिकारी उनसे कड़ाई से पूछताछ कर रहे हैं।
कृष्ण कुमार के विदेशी कनेक्शन
वहीं पुलिस की सूचना पर विभिन्न जांच एजेंसियां, राजस्थान पुलिस और इनकी गिरफ्तारी के गठित एसटीएफ की टीम राजस्थान से अररिया के लिए निकल चुकी है। कृष्ण कुमार उर्फ जयप्रकाश का ताल्लुकात पाकिस्तान समेत कई देशों के अपराधिक ग्रुप से होने की बात कही जा रही है। खुफिया जानकारी पाकिस्तान सहित अन्य देशों के साथ साझा करने का भी आरोप इन पर है। पुलिस इनसे अररिया में कड़ाई से पूछताछ कर रही है, जिसमें कई रहस्यों से पर्दा उठने की आशंका व्यक्त की जा रही है।


