बंगलादेश के सांसद के हत्या का आरोपी हुसेन नेपाल से गिरफ्तार
काठमांडू, जेठ २० – बांग्लादेश के सांसद अनवारुल अजीम अनार की हत्या के सिलसिले में एक आरोपी को नेपाल पुलिस ने गिरफ्तार किया है । आरोपी का नाम सियाम बताया गया है । ढ़ाका मेट्रोपॉलिटन पुलिस के खुफिया विभाग के प्रमुख हारुन रशीद ने शनिवार को इसकी पुष्टि की । सियाम को बांग्लादेश लाने के लिए हारुन रशीद के नेतृत्व में बांग्लादेश पुलिस की एक टीम शनिवार को काठमांडू के लिए रवाना हो गयी । जांचकर्ताओं के मुताबिक, बांग्लादेश के भोला जिले का रहना वाला सियाम अनवारुल हत्याकांड के मुख्य आरोपी अख्तरुज्जमां का करीबी है । कोलकाता के न्यू टाउन स्थित फ्लैट में सांसद की हत्या और उनके शव को टुकड़े–टुकड़े करने के पीछे उसी का हाथ बताया जा रहा है । वह भारत–नेपाल सीमा पार कर गया । पश्चिम बंगाल सीआइडी ने पहले ही सियाम के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी कर दिया था । इसी बीच, नेपाल से उसकी गिरफ्तारी की खबर सामने आयी । इसके साथ ही सांसद हत्याकांड में गिरफ्तार आरोपियों की संख्या बढ़कर पांच हो गयी । बांग्लादेश में तीन, बंगाल में एक और नेपाल में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है । ढ़ाका मेट्रोपॉलिटन पुलिस के प्रमुख हारुन रशीद ने कहा कि सियाम इस घटना में सीधे तौर पर शामिल है । हमें जांच में पता चला कि हत्या के बाद वह नेपाल भाग गया था । इसके बाद हमने नेपाल सरकार से संपर्क किया । जिसके बाद इंटरपोल को अलर्ट किया गया था । नेपाल पुलिस ने काठमांडू से सियाम को गिरफ्तार कर लिया ।


