सोशल मीडिया कंपनी मेटा काे चेतावनी, सात दिनाें के भीतर पंजीकरण नहीं ताे नेपाल में प्रतिबन्धित
संचार एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री पृथ्वी सुब्बा गुरुंग ने चेतावनी दी है कि यदि सोशल मीडिया कंपनी मेटा सात दिनों के भीतर पंजीकृत नहीं हुई तो उसे नेपाल में प्रतिबंधित कर दिया जाएगा।शुक्रवार को काठमांडू में राष्ट्रीय सूचना आयोग द्वारा सूचना के अधिकार पर आयोजित विभाग स्तरीय संवाद कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि नेपाल में पंजीकरण कराने के लिए मेटा को बार-बार नोटिस देने के बावजूद कंपनी ऐसा करने में विफल रही है। उन्होंने कहा कि तीसरे नोटिस की अवधि कुछ दिन पहले समाप्त हो गई है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि अगले सात दिनों के भीतर पंजीकरण पूरा नहीं किया गया तो प्रतिबंध लगा दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि मेटा से नेपाल में संचालित फेसबुक, मैसेंजर, व्हाट्सएप और इंस्टाग्राम जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर हर घंटे पैसा ट्रांसफर किया जा रहा है। ‘हमारी सोसायटी से हर मिनट हजारों रुपए मेटा ऑफिस भेजे जा रहे हैं। क्या उन्हें यहां पंजीकरण कराने की आवश्यकता नहीं है? क्या उनकाे कर नहीं देना चाहिए ?
उनके अनुसार सरकार पहले ही तीन बार नोटिस जारी कर चुकी है। मंत्री गुरुंग ने कहा, “अब सात दिन से अधिक का समय नहीं दिया जाएगा।” मंत्री गुरुंग के अनुसार, अभी तक नेपाल में केवल टिकटॉक, वाइबर और बी-टॉक ही पंजीकृत हैं।


