Sat. Jul 25th, 2026
English मे देखने के लिए क्लिक करें

मदर्स डे: बच्चों ने माँ के प्रति भावपूर्ण प्रस्तुति देकर सबको किया भावुक.

 

रक्सौल: आज शनिवार को पंकज वाटिका वेंक्वेट हॉल में ग्रो जीनियस प्ले स्कूल द्वारा मदर्स डे पर माताओं को समर्पित कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में अखिल भारतीय मारवाड़ी़ महिला सम्मेलन रक्सौल इकाई की अध्यक्षा सोनू काबरा, सुशीला देवी , सीमा वर्णवाल, प्रियंका सोनी एवं ग्रो जीनियस प्ले स्कूल की निर्देशिका शिखा रंजन ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। वहीं राष्ट्रगान उपरांत शारदा कला केन्द्र की छात्राओं द्वारा गणेश वंदना के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई। कार्यक्रम में प्ले स्कूल में अध्ययनरत छात्र -छात्राओं की माताओं ने कार्यक्रम स्थल पर पहुंच कर अपने नौनिहालों की एक से बढ़कर एक प्रस्तुति का आनंद उठाया ।इस अवसर पर ग्रो जीनियस प्ले स्कूल की निर्देशिका शिखा रंजन ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी माताओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए बताया कि स्कूल द्वारा मदर्स डे मनाने का उद्देश्य बच्चों एवं उनकी माताओं के बीच आज के बदलते सामाजिक ताना-बाना के बीच उनके बीच भावनात्मक लगाव को और अधिक सुदृढ़ करना है। उन्होंने महाकवि जयशंकर प्रसाद जी की पंक्तियां उद्धृत करते हुए यह भी कहा कि “नारी की करूणा अंतर जगत का उच्चतम विकास है, जिसके बल पर समस्त सदाचार ठहरे हुए हैं” वहीं उन्होंने आगे यह भी कहा कि माँ जहां अपने बच्चे की प्रथम शिक्षिका होती है वहीं से प्रेम का अध्याय शुरु होता है, माँ की भूमिका व्यक्तित्व के निर्माण की अहम कड़ी है। बच्चे माँ की प्रत्येक हलचल से सीखते हैं, बनते हैं और कभी-कभी बिखरते हैं। उनमें से बेटी और माँ का रिश्ता तो माँ होने का ही विस्तार है। किसी भी काल खण्ड में माँ की भूमिका एवं गरिमा कम नहीं हुई है। माँ तो माँ है जिस किसी के उपर ममतामयी माँ की स्नेहिल छाया है वो दुनिया का सबसे सौभाग्यशाली इंसान है।वहीं कार्यक्रम में पीजी , नर्सरी, एल.के.जी. एवं यू.के.जी के छात्र -छात्राओं ने अपनी माताओं के प्रति सम्मान दर्शाते हुए एक से बढ़कर भावपूर्ण प्रस्तुति दी जिसे देख हॉल में बैठी सभी माताएं भावुक हो उठीं। कार्यक्रम में बच्चों ने अपनी -अपनी माताओं को सुन्दर -सुन्दर कार्ड ,बुके एवं क्राउन आदि भेंट किया। साथ ही बच्चों के गेम ,रैंप वॉक, ग्रुप डांस एवं फोटो सेशन में माताएं भी शामिल हो अपने नौनिहालों के उत्साहवर्धन किया ।कार्यक्रम के समापन के पूर्व स्कूल के बच्चों को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए पुरस्कृत कर प्रोत्साहित किया गया।
मंच संचालन ने अदिति शाह एवं साक्षी गुप्ता ने किया। इस मौके पर त्रिभुवन प्रसाद, रजनीश प्रियदर्शी, अजय कुमार,संगीता धानोठिया, सुनीता शाह एवं मोनिका गुप्ता समेत नगर के कई लोग उपस्थित रहे।

About Author

आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *