पाकिस्तान में आए बाढ़ से २१४ लोगों की मृत्यु, कई लापता
काठमांडू, सावन ३१ – पाकिस्तान और अधिनस्थ कशमीर में पिछले ३६ घंटे में भारी बारिश हुई है । भारी बारिश के बाद अचानक आई बाढ़ के कारण २१४ लोगों की मृत्यु हो गई है और कई अन्य लापता हैं ।
पिछले २४ घंटों के दौरान खैबर पख्तूनख्वा में अचानक आई बाढ़ के कारण १४ महिलाओं और १२ बच्चों सहित कम से कम १९८ लोगों की मृत्यु हो गई और कई लोग लापता हैं । खैबर पख्तूनख्वा के बुनेर जिले में सबसे ज्यादा ९२ लोगों की मृत्यु हुईं ।
गुरुवार रात से प्रांत के कई हिस्सों में बादल फटने और उसके बाद अचानक आई बाढ़ के कारण बच्चों समेत १२५ से ज्यादा लोगों की मृत्यु हो गई है । मृतकों की संख्या में और वृद्धि होने की आशंका है।
लगातार बारिश के कारण पंजकोरा नदी का जलस्तर खतरनाक रूप से बढ़ गया है। बाजौर जिले के जबरारी और सालारजई इलाकों में आई बाढ़ और भूस्खलन से भारी तबाही हुई है । नौ शव बरामद हुए हैं, जबकि १७ लोग लापता हैं । जबरारी गांव में बादल फटने से भीषण बाढ़ आ गई, जिससे कई लोग घायल हो गए। मनसेहरा में कघन राजमार्ग पर एक कार उफनती धारा में बह गई, जिससे दो लोगों की मौत हो गई और एक घायल हो गया।
मुख्यमंत्री अली अमीन गंडापुर ने बचाव और राहत कार्य तेज करने के निर्देश दिए हैं। बाढ़ के कारण एक दर्जन से ज्यादा घरों, कई वाहनों, स्कूलों और स्वास्थ्य केंद्र क्षतिग्रस्त हो गए हैं। काराकोरम और बाल्टिस्तान राजमार्ग सहित कई प्रमुख सड़कें कई जगहों पर अवरुद्ध हो गई हैं। उत्तर–पूर्वी नीलम घाटी के पास मौजूद पर्यटकों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया। संपर्क मार्ग क्षतिग्रस्त होने के बाद रत्ती गली झील के पास डेरा डाले ६०० से ज्यादा पर्यटकों को वहीं रहने की सलाह दी गई है।
झेलम घाटी में पलहोट के ऊपर बादल फटने से अचानक बाढ़ आ गई, जिससे सड़क का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया और दर्जनों वाहन फंस गए।
खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में बारिश प्रभावित इलाकों के लिए राहत सामग्री ले जा रहा एक हेलीकाप्टर खराब मौसम के कारण दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में दो पायलटों सहित चालक दल के सभी पांच सदस्यों की मौत हो गई। एमआइ–१७ हेलीकाप्टर ने पेशावर से बाजौर के लिए उड़ान भरी थी। मोहमंद कबायली जिले के पास उसका संपर्क टूट गया था।


