Fri. Sep 4th, 2026
English मे देखने के लिए क्लिक करें

रक्सौल में हिन्दू सम्मेलन सह हनुमान आराधना का भव्य आयोजन…

 

रक्सौल : आज शनिवार को शहर के पोस्ट ऑफिस रोड स्थित श्री राम जानकी मंदिर परिसर में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में समग्र हिन्दू – उत्थान समिति, शिवाजी बस्ती रक्सौल नगर के तत्वावधान में हिन्दू सम्मेलन सह हनुमान आराधना का भव्य आयोजन किया गया। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति से पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण में सराबोर रहा।

कार्यक्रम के प्रथम सत्र का प्रारंभ आचार्य जीतेन्द्र पाण्डेय के संयोजन में विधि-विधान से श्री हनुमान जी के पूजन एवं पंचोपचार के साथ हुआ। इसके उपरांत श्रीराम जानकी म्यूजिकल ग्रुप की संचालिका एवं सुप्रसिद्ध गायिका जूही राज ने गणेश वंदना एवं सरस्वती वंदना प्रस्तुत कर कार्यक्रम की शुरुआत की। सिंगर जूही राज एवं उनकी मंडली ने सस्वर सुंदरकांड पाठ एवं एक से बढ़कर एक सुमधुर भजनों की मनमोहक प्रस्तुति ने उपस्थित श्रद्धालुओं को भक्ति रस में डुबो दिया, जिससे पूरा मंदिर परिसर देर तक गूंजता रहा।

यह भी पढें   नेपाल बाढ़ त्रासदी: शहीद पुलिसकर्मियों के परिवारों को विशेष आर्थिक सहायता, राहत कोष में 40 करोड़ रुपये देगा नेपाल पुलिस

दूसरे सत्र में भारत माता के तैलचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित करने के साथ आरती उतारी गई, जिसके बाद समिति के अध्यक्ष रजनीश प्रियदर्शी ने संघ के शताब्दी वर्ष पर विभिन्न बस्तियों में आयोजित हो रहे हिन्दू सम्मेलनों की रूपरेखा और उद्देश्य पर प्रकाश डाला। तदुपरांत राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के उत्तर पूर्व क्षेत्र प्रचारक मान्यवर श्री रामनवमी जी एवं जिला प्रचारक श्री शिवम सोनू जी ने संयुक्त रूप से बौद्धिक संबोधन दिया। उन्होंने अपने संबोधन में हिन्दू समाज की एकता, सांस्कृतिक चेतना एवं सामाजिक समरसता को समय की प्रमुख आवश्यकता बताते हुए ऐसे आयोजनों की प्रासंगिकता पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने यह भी कहा कि जैसा कि विदित है कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में देशभर में व्यापक स्तर पर हिन्दू सम्मेलनों का आयोजन किया जा रहा है। उसी कड़ी में आज रक्सौल के शिवाजी बस्ती में हिन्दू सम्मेलन आयोजित किया गया है। उन्होंने आगे यह भी कहा कि ऐसे आयोजनों का मुख्य उद्देश्य हिन्दू समाज को संगठित करना, सांस्कृतिक मूल्यों का संरक्षण, सामाजिक समरसता को बढ़ावा देना तथा “राष्ट्र प्रथम” की भावना के साथ आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में जनभागीदारी सुनिश्चित करना है। साथ ही सामाजिक कुरीतियों—छुआछूत, जाति-भेद—को समाप्त कर पारिवारिक मूल्यों को सुदृढ़ करने एवं “पंच परिवर्तन” (सामाजिक सद्भाव, कुटुंब प्रबोधन, पर्यावरण संरक्षण, स्वदेशी और नागरिक कर्तव्य) पर विशेष बल दिया जा रहा है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता विनोद कुमार गुप्ता ने की, जबकि मंच संचालन विकास कुमार ने किया। अंत में प्रसाद वितरण एवं समिति के सचिव धीरज कुमार के धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। कार्यक्रम को सफलीभूत करने में उत्तर बिहार सह प्रांत संचालक डा. (प्रो.) राजकिशोर सिंह, जिला कार्यवाह दुर्गेश कुमार, जिला सेवा प्रमुख विकास कुमार, समिति अध्यक्ष रजनीश प्रियदर्शी, सचिव धीरज कुमार, अजय कुमार, चंदन गुप्ता, प्रकाश कुमार, हेमंत कुमार, सुनील कुमार, सुरेश कुमार गुप्ता ( बाबा), सनोज कुमार, विवेक कुमार, ईशांत पाण्डेय एवं चैतन्य कुमार समेत कई स्वयंसेवकों ने उल्लेखनीय योगदान दिया।

About Author

आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com