वे शीर्ष नेता जिन्होंने जहाँ से उम्मीदावारी दी वहाँ से मतदान नहीं कर पाएंगे

काठमांडू, फागुन २० –प्रतिनिधि सभा चुनावों के लिए मतदान की तारीख नजदीक आ गई है, ऐसे में प्रमुख राजनीतिक दलों के कुछ शीर्ष नेता उन चुनावी क्षेत्रों में मतदान नहीं कर पाएंगे जहाँ से उन्होंने अपनी उम्मीदवारी दी है । वे अपने स्थायी निवास स्थान या मतदाता नामावली स्थानों से ही मतदान करेंगे ।
जैसे गगन थापा ने इसबार सर्लाही–४ से अपनी उम्मीदवारी दी है । इससे पहले के चुनावों में वो काठमांडू–४ से चुने जाते रहे हैं । थापा इस बार अपना मतदान काठमांडू स्थित मैतीदेवी मयूरकुण्ड मतदान केन्द्र में करेंगे । इसी तरह रवि लामिछाने चितवन–२ से उम्मीदवार हैं । उनके सचिवालय के अनुसार वो काठमांडू के चुच्चेपाटी स्थित उपत्यका खानेपानी लिमिटेड परिसर में महाँकाल मतदान केन्द्र से अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे ।
बालेन साह, जिसे राष्ट्रीय स्वतन्त्र पार्टी ने भावी प्रधानमंत्री के रूप में प्रस्तुत किया है, वो झापा–५ से चुनावी मैदान में हैं । बालेन काठमांडू महानगरपालिका–९, तीनकुने गैरीगाँव स्थित अन्नपूर्ण विद्यालय मतदान केन्द्र में अपना मतदान करेंगे ।
केपी शर्मा ओली इस बार भी झापा–५ से उम्मीदवार हैं । विगत में वो इसी क्षेत्र से चयनित होते आए हैं । ओली भक्तपुर के सूर्यविनायक नगरपालिका–२, बालकोट स्थित महेन्द्र शांति माध्यमिक विद्यालय मतदान केन्द्र से मत करेंगे ।
इसी तरह पुष्पकमल दाहाल रुकुम पूर्व से उम्मीदवार हैं । वे चितवन के भरतपुर महानगरपालिका–१४, शान्तिपुर स्थित नेपाल प्रहरी विद्यालय मतदान केन्द्र से अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे ।

