विराटनगर के जतुवा में श्रीमद भागवत सप्ताह ज्ञान महायज्ञ का शुभारंभ
माला मिश्रा जोगबनी विराटनगर ( सीमा क्षेत्र ) । कोशी प्रदेश, नेपाल के विराटनगर महानगरपालिका अंतर्गत जतूवा में धार्मिक आस्था और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है, जहां भव्य श्रीमद भागवत सप्ताह ज्ञान महायज्ञ का शुभारंभ श्रद्धा और उल्लास के साथ किया गया। यह आयोजन श्री राधाकृष्ण मंदिर एवं जागृत महिला समाज के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित हो रहा है।
इस पावन अवसर पर श्रीधाम वृंदावन से पधारीं सुप्रसिद्ध कथा व्यास श्री किशोर स्वामी जी द्वारा श्रीमद भागवत कथा का रसपान कराया जा रहा है, जिससे समूचा वातावरण भक्तिमय हो उठा है। उद्घाटन समारोह में कोशी प्रदेश के पर्यटन, वन एवं वातावरण मंत्री भीम पराजुली, प्रख्यात धर्मविद रामानुज नेपाल, युवा नेता उमेश यादव, सामाजिक अभियंता आभा अनुपमा, साधना झा, कौशल निरौला , गौरी गुप्ता सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति एवं सैकड़ों श्रद्धालु उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम के शुभारंभ से पूर्व पारंपरिक गाजा-बाजा के साथ भव्य कलश यात्रा निकाली गई, जिसमें सैकड़ों महिलाओं एवं श्रद्धालुओं ने भाग लिया। यह यात्रा सिंघिया खोला से पवित्र जल भरकर नगर परिक्रमा करते हुए कार्यक्रम स्थल तक पहुंची, जिससे पूरे क्षेत्र में आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार हुआ।
आयोजिका ममता यादव ने जानकारी देते हुए बताया कि यह श्रीमद भागवत सप्ताह ज्ञान महायज्ञ 29 मार्च से प्रारंभ होकर 6 अप्रैल तक चलेगा। प्रतिदिन सुबह 8 बजे से 11 बजे तक नित्य पूजा एवं दोपहर 2 बजे से 6 बजे तक श्रीमद भागवत कथा का आयोजन किया जा रहा है।




