बीस लाख की चेन पड़ी मिली, सेवादार ने लौटाया

मिश्री लाल मधुकर। अयोध्या के श्रीराम जन्मभूमि मन्दिर दर्शन करने आई एक महिला की हीरायुक्त सोने की चेन सड़क पर पड़ी मिली। श्रीराम जन्मभूमि मन्दिर के एक सेवादार ध्रुवेश मिश्रा ने लगभग बीस लाख मूल्य की यह चेन मिलने पर भरपूर प्रयास करके परेशान महिला को ढूंढ कर चेन वापस किया और अमूल्य आशीष पाया।
ध्रुवेश मिश्रा श्रीराम मंदिर में सेवा देते हैं। बीते दिवस अमावा मंदिर के समीप हनुमान गढ़ी की ओर जाने वाले रास्ते पर उन्हें हीरायुक्त एक सोने की चेन पड़ी मिली। श्री मिश्रा ने पीएफसी आफिस जाकर वहां से उद्घोषणा कराई। इस पर मुजफ्फरनगर की रहने वाली एक महिला श्रद्धालु निर्मला देवी पत्नी मोहन कुमार जो गंगाराम पुरा मुजफ्फरनगर की रहने वाली थीं आईं। पुलिसजनों के माध्यम से पूछताछ कर संतुष्टि के पश्चात चेन उन्हें सौंप दी गई। निर्मला देवी ने बताया कि उनके पति (अब स्वर्गीय) द्वारा दी गई निशानी होने के कारण इस चेन का महत्व इसकी कीमत से बहुत अधिक था।

