Wed. Apr 29th, 2026
English मे देखने के लिए क्लिक करें

भारत की आजादी के लिए फांसी पर चढ़े थे भगत सिंह : प्रभारी मंत्री

 
फोटो~ तिरंगा यात्रा को संबोधित करते मंत्री एवं यात्रा में शामिल लोग।

*मोतिहारी.मधुरेश*– भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के अमर सेनानी शहीद भगत सिंह देश को आजाद कराने के लिए फांसी पर चढ़े थे। मंत्री और सांसद बनने की उनकी कोई इच्छा नहीं थी। उक्त बातें बिहार सरकार के पीएचईडी मंत्री सह जिले के प्रभारी मंत्री विनोद नारायण झा ने सोमवार को केसरिया के बैसखवा में भाजपा की ओर से आयोजित तिरंगा यात्रा सह स्वतंत्रता सेनानी उत्तराधिकारी सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि भाजपा के लिए राष्ट्र पहले और विचारधारा दूसरे स्थान पर है। तिरंगा यात्रा पर प्रकाश डालते हुए मंत्री श्री झा ने कहा कि देश में पहले तिरंगा सिर्फ सरकारी कार्यालयों में फहराया जाता था लेकिन अटल जी की सरकार ने आम लोगों को तिरंगा फहराने का अधिकार देकर लोगों में राष्ट्रभक्ति का नव संचार किया। उन्होंने कहा कि सन् 1942 का अंग्रेजों भारत छोड़ों आंदोलन आजादी की लड़ाई में मील का पत्थर साबित हुआ। प्रभारी मंत्री ने कहा कि बिहार के साथ-साथ चंपारण का भी समुचित विकास होगा। जिले के सभी विभागों की समीक्षा करके विकास की गति को तेज किया जाएगा। उन्होंने कहा कि वे पहले भाजपा के समर्पित कार्यकर्ता हैं उसके बाद सरकार के मंत्री। श्री झा ने मंच से कहा कि सरकार के कार्यों के अलावे पार्टी संगठन की ओर से पूर्वी चंपारण में उन्हें जो भी जबाबदेही दी जाएगी उसका वे मुस्तैदी से निर्वहन करेंगे। मंच पर मंत्री ने स्वतंत्रता सेनानियों के उत्तराधिकारियों को फूल-माला और अंग वस्त्र देकर सम्मानित किया। समारोह की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष राजेन्द्र प्रसाद गुप्ता ने की जबकि मंच संचालन डा.लालबाबू प्रसाद ने किया। समारोह को पीपरा के विधायक श्यामबाबू यादव, विधान पार्षद बब्लू गुप्ता, भाजपा किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष रामशरण प्रसाद यादव, चुम्मन प्रसाद यादव, अरविंद नाथ गिरि, सियावर सिंह, मोहिबुल्ला खां एवं श्रीनारायण सिंह ने भी संबोधित किया। धन्यवाद ज्ञापन केसरिया प्रखंड भाजपा के अध्यक्ष शंभू महतो ने किया। इससे पहले किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष रामशरण प्रसाद यादव के नेतृत्व में संग्रामपुर के जलहां स्थित गांधी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर तिरंगा यात्रा निकाला गया जो विभिन्न मार्गों से होते हुए केसरिया के जगीरहां स्थित चंपारण प्रवेश द्वार पर पहुंचा। यहां गाजे-बाजे के साथ हजारों भाजपा कार्यकर्ताओं ने पहली बार चंपारण आये प्रभारी मंत्री श्री झा का भव्य स्वागत किया।

यह भी पढें   प्रधानमंत्री बालेन शाह के नेतृत्व और नेपाल के राजनीतिक रूपांतरण पर अंतरराष्ट्रीय बहस

About Author

आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *